PU छात्रा की मौत पर बड़ा एक्शन : 2 इंजीनियर सस्पेंड, नई VC नियुक्त; परिवार को ₹16 लाख मुआवजा

PU की छात्रा का बुधवार को पोस्टमॉर्टम हो गया।
चंडीगढ़चंडीगढ़ में पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) की PhD स्कॉलर ज्योति की मौत के बाद PU प्रशासन ने बुधवार को 2 इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया। इनमें एग्जीक्यूटिव इंजीनियर-2 (अतिरिक्त प्रभार) अनिल ठाकुर और सब डिविजनल इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) लखविंदर सिंह धनोआ शामिल हैं।

यूनिवर्सिटी की ओर से जारी दो अलग-अलग कार्यालय आदेशों में कहा गया है कि दोनों अधिकारियों को छात्रा की मौत मामले की चल रही जांच पूरी होने या अगले आदेश तक निलंबित रखा जाएगा। बुधवार को ज्योति के शव का पोस्टमॉर्टम भी हो गया। उसके परिजन शव लेकर महेंद्रगढ़ (हरियाणा) चले गए हैं।

बता दें कि मंगलवार को यूनिवर्सिटी में करंट लगने से ज्योति की मौत हो गई थी। इसके बाद स्टूडेंट्स ने वाइस चांसलर (VC) के ऑफिस का घेराव कर हंगामा किया। देर रात तक चले हंगामे के बीच ही ज्योति के परिजन भी PU पहुंच गए। उनके साथ चली लंबी बातचीत के बाद PU प्रशासन ने मृतका के भाई को नौकरी और परिवार को मुआवजे के तौर पर 16 लाख रुपए देने का आश्वसन दिया।

PU की छात्रा का बुधवार को पोस्टमॉर्टम हो गया। - Dainik Bhaskar

मृतका के भाई ने 12वीं के साथ ITI (इलेक्ट्रिकल) की है। उसे PU में इलेक्ट्रिशियन के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। यह नियुक्ति पंजाब सरकार के नियमों के अनुसार 19,900 बेसिक पे, 400 ग्रेड पे, DA और अन्य भत्तों के साथ होगी।

संयोग यह है कि यूनिवर्सिटी की VC प्रो. रेणू विज का मंगलवार को ही कार्यकाल खत्म हो गया। हादसे वाले दिन उनके विदाई समारोह की तैयारियां चल रही थीं। अब उनकी जगह डॉ. मीनाक्षी गोयल को PU का कार्यवाहक VC नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह यूनिवर्सिटी में डीन ऑफ यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन (DUI) के पद पर हैं।

PU प्रशासन की ओर से जारी समझौते का लेटर

नई VC की नियुक्ति का लेटर

परिजन ने कहा था- हम नहीं मानते कि करंट से मौत हुई

मंगलवार रात चंडीगढ़ पहुंचे ज्योति (26) के चाचा जतिंदर ने कहा था- हमारी बेटी मां से फोन पर बात कर करते हुए जा रही थी। फिर अचानक चीख सुनाई दी और हमेशा के लिए आवाज खामोश हो गई। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे PU प्रशासन की ओर से ज्योति के पिता रविंद्र को फोन पर कॉल आई थी।

फोन करने वाले ने कहा कि उनकी बेटी को करंट लग गया है और उसकी मौत हो गई है, आप जल्दी आ जाइए, लेकिन हम कैसे मान लें कि यह करंट से हुई मौत है? हमने PU प्रशासन से कहा कि कैंपस इतना बड़ा है, वहां कहीं कैमरे लगे होंगे?

कोई ऐसा सबूत दिखा दो, जिससे हमें भी लगे उसकी मौत करंट लगने से हुई है। क्योंकि उसके शरीर पर कोई निशान ही नहीं है। जहां हादसा हुआ है, वहां से करीब 50 मीटर दूरी पर सिक्योरिटी गार्ड बैठते हैं, लेकिन किसी ने मदद नहीं की।

केबल (लाल घेरे में) के पानी में जाने से छात्रा को करंट लगा था।
केबल (लाल घेरे में) के पानी में जाने से छात्रा को करंट लगा था।

जानिए हादसा कहां हुआ, करंट कैसे आया

हरियाणा के महेंद्रगढ़ की रहने वाली ज्योति PU के साउथ कैंपस के हॉस्टल नंबर-10 में रहती थी। वह सुबह के वक्त होस्टल नंबर-8 के पास होते हुए कहीं जा रही थी। इस हॉस्टल के दो गेट हैं- एक आगे और दूसरा पीछे। जहां हादसा हुआ, वह जगह आगे वाले गेट से करीब 50 मीटर दूर है, यहां सिक्योरिटी गार्ड भी बैठते हैं। जबकि, पीछे वाला गेट हादसे वाली जगह से सिर्फ 15 मीटर दूर है। हालांकि, यहां सिक्योरिटी नहीं है।

मंगलवार सुबह के वक्त तेज बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर करीब आधा फीट पानी भरा हुआ था। इससे ज्योति सड़क के बजाय फुटपाथ से होकर जा रही थी। जब वह हॉस्टल नंबर-8 के पीछे वाले गेट से 15 मीटर पास पहुंची, तो यहां पर फुटपाथ पर एक मोटी केबल पड़ी हुई थी।

हादसे वाली जगह की जांच करने वाली टीम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यहां जंक्शन बॉक्स लगे हुए हैं और केबल भी फैली हुई हैं। इन्हीं में से एक केबल में कट था और बारिश की नमी के कारण केबल में स्पार्किंग हुई, जिससे फुटपाथ पर करंट फैल गया। जब वहां से ज्योति निकली तो करंट लग गया। हालांकि, ज्योति के परिजन जब पीयू पहुंचने वाले थे, तो उससे ठीक पहले PU का स्टाफ वहां पहुंच गया। सभी जंक्शन बॉक्स बंद किए गए और वहां बैरिकेड भी लगा दिए गए। इससे पहले वहां से लोग भी गुजरते रहे।

हादसे वाली जगह पर कई बिजली जंक्शन बॉक्स लगे हैं।
हादसे वाली जगह पर कई बिजली जंक्शन बॉक्स लगे हैं।

Share This Article
Leave a comment