गोल्डन टेंपल में बेअदबी से मचा हड़कंप : गुटका साहिब के अंग फाड़कर महिला की चुन्नी से बांधे, दूध लेने के बहाने घर से निकला था

अमृतस​र- अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में गुरुवार को एक युवक ने बेअदबी की। आरोपी ने गुटका साहिब के अंग फाड़ दिए। इसके बाद फाड़े गए अंगों को एक महिला की चुन्नी के पल्लू से बांध दिया। मामले की जानकारी मिलने पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने थाना कोतवाली में शिकायत दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया।

परिजनों के मुताबिक बेटा दूध लेने के बहाने घर से निकला था। इसके बाद उसके पकड़े जाने की सूचना मिली। ACP सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। मनदीप का आईडी कार्ड मिला है, जिस पर तबला वादक लिखा है।

आरोपी मनदीप सिंह, जिसने बेअदबी की।
आरोपी मनदीप सिंह, जिसने बेअदबी की।

परिक्रमा में गुटका साहिब के अंग फाड़े

सुरिंदर सिंह ने बताया कि मनदीप सिंह गोल्डन टेंपल में परिक्रमा में गुटका साहिब के अरदास वाले अंग फाड़ दिए। जिस महिला की चुन्नी के पल्लू से अंग बांधे गए, वह भी शहीद ऊधम सिंह नगर की रहने वाली है। महिला परिवार के साथ माथा टेकने पहुंची थी।

CCTV से आरोपी की पहचान हुई

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। गोल्डन टेंपल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह की पहचान की और उसे ट्रेस कर काबू कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है।घटना की जानकारी देते ACP सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह।

घटना की जानकारी देते ACP सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह।

मौसी बोली- मनदीप मानसिक रूप से परेशान

मौसी सुरिंदर कौर ने कहा कि मनदीप साल 2015 से मानसिक रूप से परेशान है। मनदीप गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे दूध लेने के बहाने घर से निकला था। इसके बाद करीब 10 बजे उसकी मां को जानकारी मिली कि कुछ लोग मनदीप को अपने साथ ले गए हैं। मां का कहना है कि मंदीप पढ़ा-लिखा लड़का है और लंबे समय से मानसिक परेशानी से जूझ रहा है।

Share This Article
Leave a comment