गुरदासपुर के प्राइवेट अस्पताल में धमाका, खिड़कियां-दरवाजे चकनाचूर; CCTV में कैद संदिग्ध

गुरदासपुर पंजाब के गुरदासपुर जिले के कस्बा कलानौर स्थित मुल्तानी अस्पताल पर एक बार फिर से हमला हुआ है। मंगलवार को अज्ञात हमलावरों द्वारा अस्पताल पर जोरदार धमाका हुआ। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अस्पताल की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे चकनाचूर हो गए।

घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी आदित्य, एसपी डीके चौधरी और एसएचओ मौलख सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस घटना के बाद से स्थानीय डॉक्टरों और व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है।

गुरदासपुर के मुल्तानी अस्पताल में धमाका। - Dainik Bhaskar

सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

घटनास्थल से एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इस फुटेज में एक संदिग्ध युवक काफी समय तक अस्पताल के आस-पास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस इस फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्ध की पहचान करने में जुट गई है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि एक युवक काफी देर तक अस्पताल के बाहर खड़ा रहा। हालांकि, ग्रनेड फैंकने का कोई सीसीटीवी फुटेज फिल्हाल सामने नहीं आया है।

तीसरी बार निशाना बना मुल्तानी अस्पताल

उल्लेखनीय है कि कलानौर के इस मुल्तानी अस्पताल के डॉक्टर अमरबीर सिंह मुल्तानी लंबे समय से गैंगस्टरों के निशाने पर हैं। फिरौती न देने को लेकर इस अस्पताल पर पहले भी दो बार ताबड़तोड़ फायरिंग हो चुकी है। पिछली दोनों घटनाओं में भी कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों और हमलों के बावजूद यह तीसरा बड़ा हमला सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सीसीटीवी में कैद संदिग्ध युवक।
सीसीटीवी में कैद संदिग्ध युवक।

पुलिन ने गठित की जांच टीमें पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में लगा दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीमें भी मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।

जानमाल का नुकसान नहीं: एसएसपी

एसएसपी आदित्य ने बताया कि पुलिस स्टेशन कलानौर को सूचना मिली थी कि कलानौर स्थित मुल्तानी हॉस्पिटल में किसी बहुत तेज धमाके की आवाज आई है। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस स्टेशन कलानौर के एसएचओ और डीएसपी कलानौर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। यहां अस्पताल के शीशे टूटे हुए मिले हैं।

इसके बाद मेरे द्वारा और एसपी-डी द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। हमारी फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है। मैं यह साफ करना चाहूंगा कि इस घटना में किसी भी तरह का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

पुलिस द्वारा इस मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हमें इस संबंध में कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिन पर हम काम कर रहे हैं। हम जल्द से जल्द इस मामले में हुई प्रगति आपके साथ साझा करेंगे। हर एंगल से इस पूरे मामले की तफ्तीश कर रहे हैं।

अस्पताल का बयान

मुल्तानी हॉस्पिटल के मालिक डॉ. एसपी सिंह मुल्तानी ने बताया कि दोपहर करीब 2.32 बजे कोई बम फेंककर गया है। हालांकि, किसी तरह का जानमाल का नुकसान तो नहीं हुआ है, लेकिन पूरे इलाके में खौफ का माहौल बना हुआ है। हमें पिछले साल पहले अगस्त में धमकी आई थी और फिर दोबारा अक्टूबर में धमकी मिली थी।

जब वो धमकी देंगे तो फिरौती तो मांगेंगे ही। पहले हमें सुरक्षा मिली थी। चूंकि यह पिछले साल की बात है, तो पुलिस ने हमें महीना-दो महीना सुरक्षा दी थी, लेकिन बाद में उन्होंने सुरक्षा हटा ली थी। धमाके के वक्त ओपीडी एरिया में मरीज मौजूद थे, लेकिन इमरजेंसी वार्ड खाली था। सीसीटीवी में कैद शख्स उसी खाली जगह पर ही बम फेंककर गया, यही वजह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

सीसीटीवी कैमरे में सब कुछ कैद हुआ है। उसके आने का पूरा तरीका कैमरे में आया है। वह बाहर खड़ा होकर करीब 15 मिनट तक इंतजार करता रहा कि बाहर जा रहे मरीज निकल जाएं और एरिया पूरी तरह क्लियर हो जाए। हमारा काम ऐसा है कि हमें देर-सवेर हर तरह के मरीज को देखना पड़ता है। हमें नहीं पता होता कि सामने वाला व्यक्ति किस सोच या किस इरादे से आ रहा है, ऐसे में हम कब तक सुरक्षा लेकर काम करेंगे?

Share This Article
Leave a comment