जालंधर, 27 जून:** पंजाब में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस के सी.आई.ए. स्टाफ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए विदेशी गैंगस्टरों के सांठगांठ का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों और पुलिस कप्तान (तफ्तीश) वनीत अहलावत की देखरेख में इंस्पेक्टर पुष्प बाली के नेतृत्व वाली टीम ने विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल्ल के सबसे खास और सक्रिय सहयोगी सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार (PB02-DU-4004), एक 30 बोर पिस्तौल, 3 मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस और एक घातक 12 बोर पंप एक्शन गन बरामद की है। सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू, जिस पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 10 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं, मार्च 2026 में मेहतपुर पुलिस पर फायरिंग कर मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गया था, जहाँ से पुलिस ने डोनी बल्ल द्वारा भेजी गई एक विदेशी ग्लॉक पिस्तौल बरामद की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि अमृतसर जेल में डोनी बल्ल के संपर्क में आने के बाद बिट्टू ने अपना खुद का गैंग बना लिया था और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के साथ चल रही पुरानी दुश्मनी के कारण वह जालंधर के बिलगा व मेहतपुर इलाकों में छिपकर गैंगवार की फिराक में था। इसी अभियान के तहत सी.आई.ए. स्टाफ ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए डरोली कलां नहर पुली के पास से होशियारपुर के एक अन्य शातिर हथियार तस्कर मनीष उर्फ जस्सा को भी एक 32 बोर पिस्तौल और जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन गिरफ्तारियों से पंजाब में होने वाली कई संभावित लक्षित हत्याओं और गैंगवार की घटनाओं को समय रहते रोक दिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हथियारों के स्रोत, नेटवर्क के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक्स और इन्हें शरण देने वाले मददगारों का पता लगाया जा सके; साथ ही एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों द्वारा अपराध के जरिए बनाई गई चल-अचल संपत्तियों को भी नियमानुसार कुर्क किया जाएगा।
