4 करोड़ की फिरौती मामले में पंजाब पुलिस का SHO गिरफ्तार, FBI के ऑपरेशन ‘हार्ड बॉल’ में हुआ था बड़ा खुलासा

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने होशियारपुर जिले के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) गुरिंदरजीत सिंह नागरा को 4 करोड़ रुपये की कथित फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। नागरा पर अमेरिका में FBI द्वारा चलाए गए ऑपरेशन ‘हार्ड बॉल’ के दौरान एक परिवार से 4 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगा है। इस मामले में नाम सामने आने के बाद उन्हें पहले ही सस्पेंड कर दिया गया था।

जानकारी के अनुसार, FBI के ऑपरेशन ‘हार्ड बॉल’ के दौरान गुरिंदरजीत सिंह नागरा का नाम एक अंतरराष्ट्रीय उगाही नेटवर्क में सामने आया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस नेटवर्क के तार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया जैसे अपराधियों से जुड़े बताए गए हैं। आरोप है कि कुछ गैंगस्टर और पुलिसकर्मी मिलकर लोगों से फिरौती वसूलने का काम कर रहे थे।

मामले के सामने आने के बाद डीआईजी नवीन सिंगला ने गुरिंदरजीत सिंह नागरा को लाइन हाजिर कर दिया था और जांच की जिम्मेदारी एसपी विनीत अहलावत को सौंपी गई थी। जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार देर रात नागरा के खिलाफ फिरौती और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि FBI ने हाल ही में ऑपरेशन ‘हार्ड बॉल’ के तहत कई अहम खुलासे किए थे। जांच में दावा किया गया कि अमेरिका में रहने वाले एक परिवार से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस जांच के दौरान विदेशी एजेंसियों को गैंगस्टरों और कुछ पुलिस अधिकारियों के बीच कथित गठजोड़ की जानकारी मिली, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।

Share This Article
Leave a comment