जालंधर (05 अगस्त): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना डिवीजन नंबर-2 के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध एचएमवी कॉलेज के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कॉलेज परिसर के बाहर भारी ट्रैफिक जाम और हुड़दंगबाजी होने के आरोप लगाए गए हैं। इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए एडीसीपी सिटी-1 मुख्तियार राय (पीपीएस) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में हुड़दंगबाजी को लेकर किए जा रहे दावों जैसी कोई भी घटना पुलिस के संज्ञान में नहीं आई है और न ही शहर में किसी भी प्रकार की अराजकता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त की जाएगी।
उन्होंने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज खुलने और विद्यार्थियों की छुट्टी के समय एचएमवी कॉलेज के बाहर ईआरएस टीम (पीसीआर) द्वारा लगातार गश्त सुनिश्चित की जाती है। इसके साथ ही, आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और थाना डिवीजन नंबर-2 के पुलिस मुलाजिम नियमित रूप से मौके पर तैनात रहते हैं ताकि छात्राओं और आम राहगीरों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। कमिश्नरेट पुलिस कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए हर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध कर रही है। एडीसीपी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी ने कॉलेज के आसपास हुड़दंगबाजी करने या कानून का उल्लंघन करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि जालंधर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
