जालंधर: महानगर के माता रानी चौक स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देर रात उस समय भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे युवक पर तेजधार हथियार (दातर) से हमला कर दिया, जिससे मौके पर भारी हंगामा और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर युवक को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और उनके कब्जे से तेजधार हथियार बरामद किए। पूछताछ के दौरान पकड़े गए एक युवक ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोप लगाया कि कुछ लड़के वहां एक मां-बेटी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रहे थे, और जब उसने इसका विरोध कर उनका बचाव किया, तो करीब 10 युवकों ने मिलकर उस पर हमला बोल दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी आतिश भाटिया पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। एसीपी ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया है और पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है; दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
