नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: गुरदासपुर पुलिस की गिरफ्त में आया मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद

गुरदासपुर: सीमावर्ती राज्य पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरदासपुर पुलिस को एक अहम कामयाबी हासिल हुई है। जिले के थाना दोरांगला की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 किलो 108 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव इस्माइल निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने मादक पदार्थों की यह खेप ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से मंगवाई थी। सीमा पार बैठे नशा तस्करों द्वारा ड्रोन की मदद से भारतीय क्षेत्र में यह नशा पहुंचाया गया था, जिसे आगे सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि सीमा पार के नेटवर्क, ड्रोन ड्रॉपिंग पॉइंट और स्थानीय स्तर पर नशीले पदार्थों की इस खेप को हासिल करने व आगे पहुंचाने से जुड़े अन्य साथियों और कड़ियों (बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज) का भी खुलासा किया जा सके।

Share This Article
Leave a comment