आदमपुर (जालंधर): श्री गुरु रविदास महाराज जी के ऐतिहासिक 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा आदमपुर की दाना मंडी में रविवार को एक विशाल एवं भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। इस धार्मिक समागम में भारी संख्या में संगत उमड़ी और पूरा वातावरण आध्यात्मिक भक्ति भाव में लीन हो गया। समागम में डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास जी महाराज ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत कर संगत को अपना पावन आशीर्वाद दिया और गुरु साहिब के आध्यात्मिक व सामाजिक संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार गुरु रविदास जी की शिक्षाओं—समानता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और आपसी भाईचारे—को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस पावन अवसर पर राज्य भर में भव्य कीर्तन दरबार, 12,000 से अधिक गांवों में प्रचार वैनों द्वारा डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन और अत्याधुनिक ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही 6.50 लाख पौधे लगाने का महा-अभियान और डेरा सचखंड बल्लां के पास 11 एकड़ में ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ स्थापित किया जा रहा है, जो गुरु साहिब की पावन बाणी पर शोध और अध्ययन को बढ़ावा देगा।
पंजाब स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन एवं आदमपुर के हलका इंचार्ज पवन कुमार टीनू ने वित्त मंत्री, संत निरंजन दास जी और समस्त संगत का स्वागत करते हुए कहा कि इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने प्रकाश पर्व को इतने व्यापक और भव्य स्तर पर मनाया है। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और एडीसी अमरजीत बैंस भी मौजूद रहे। समागम के दौरान प्रमुख रागी जत्थों के गुरबाणी कीर्तन, कथा और प्रसिद्ध गायकों दलविंदर दयालपुरी, कंठ कलेर, सूफी गायक कुलविंदर किंदा व परवेज आलम की भक्तिमयी प्रस्तुतियों ने उपस्थित संगत को गुरु रविदास जी के जीवन दर्शन और आदर्शों से जोड़कर निहाल कर दिया।
