जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के अंतर्गत थाना भार्गो कैंप की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खुद को सीआईए (CIA) स्टाफ का अधिकारी बताकर एक घर की तलाशी लेने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी वेस्ट जालंधर, आतिश भाटिया (पीपीएस) ने बताया कि थाना भार्गो कैंप को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति खुद को सीआईए स्टाफ का मुलाजिम बताकर इलाके में एक घर की तलाशी ले रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों के सहयोग से एक संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर ही काबू कर लिया।
प्राथमिक पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी की पहचान बस्ती गुजां, जालंधर निवासी करण कुंद्रा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने सीआईए स्टाफ का फर्जी रौब जमाकर एक घर में तलाशी लेने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानून के तहत उचित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी के साथ कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति खुद को पुलिस या सरकारी अधिकारी बताकर संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
