जालंधर में प्रताड़ना से परेशान व्यक्ति ने जान दी: परिजनों ने पड़ोसी परिवार पर लगाए गंभीर आरोप ; कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचा परिवार

मृतक की पत्नी ने लगाए आरोप।
जालंधर- जालंधर के तिलक नगर में मानसिक प्रताड़ना और आपसी विवाद से तंग आकर 50 वर्षीय व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक के परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले शिव और शिवानी नामक दंपती ने उनके परिवार और बच्चों के साथ गाली-गलौज कर प्रताड़ित किया था। पीड़ित परिवार अब न्याय की गुहार लेकर पुलिस थाने पहुंचा है।

घटना की शुरुआत 12 जुलाई को रात में हुई जब राज कुमार का परिवार काम से लौट रहा था। मृतक की पत्नी सुमन के अनुसार, जैसे ही वह गली में पहुंचे तो आरोपी शिव और शिवानी घर से बाहर आ गए। उन्होंने बिना किसी वजह के परिवार को रोक लिया और सरेआम सड़क पर उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी करनी शुरू कर दी।

बच्चो के सामने दी गालियां

आरोप है कि दंपती ने राज कुमार के बच्चों को भी नहीं बख्शा। बच्चों के सामने माता-पिता को बेहद गंदे और अपमानजनक शब्द कहे गए, जिससे पूरा परिवार सहम गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उनके बच्चों के बारे में भी बहुत गलत बातें कहीं, जिसे सुनना उनके लिए असहनीय था।

पहले भी राजकुमार को पीट चुका है दंपती

यह प्रताड़ना राज कुमार के दिल को इतनी बुरी तरह छू गई कि वे गहरे सदमे में चले गए। उनकी पत्नी ने बताया कि आरोपी पहले भी उनके पति पर हाथ उठा चुके थे। लेकिन इस बार सरेआम गली में बच्चों के सामने हुए इस अपमान और धमकियों को राज कुमार बर्दाश्त नहीं कर पाए।

घटना के बाद राज कुमार अपने कमरे में चले गए। जब काफी देर बाद उनकी बेटी छत से नीचे आई और कमरे का दरवाजा खोला, तो उसने पिता को बेसुध पाया। पिता की हालत देखकर वह जोर-जोर से रोने लगी। रोने की आवाज सुनकर जब पत्नी कमरे में पहुंची, तो उनके होश उड़ गए।

पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

फिलहाल, पीड़ित परिवार गहरे सदमे और गुस्से में है। थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके पति और पिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपियों (शिव और शिवानी) के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Share This Article
Leave a comment