चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों के बीच धक्कामुक्की हुई। यह घटना नगर कौंसिल कार्यालय पहुंचने से पहले रास्ते में हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के बीच ही नगर कौंसिल के प्रेसिडेंट का चुनाव संपन्न हुआ।
आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज गुरइकबाल सिंह माहल ने दावा किया कि कुल 15 पार्षदों में से उनके उम्मीदवारों को प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए 8 वोट मिले। इसके साथ ही बलविंदर कौर को प्रेसिडेंट और गुरदिलबाग सिंह को वाइस प्रेसिडेंट चुना गया, जो दोनों AAP से संबंधित हैं।

बाजवा ने गंभीर आरोप लगाए
दूसरी ओर, कादियां के विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जैसे ही वे अपने 7 पार्षदों के साथ नगर काउंसिल कार्यालय के गेट पर पहुंचे, AAP के हलका इंचार्ज के इशारे पर उनके पार्षदों पर हमला किया गया। बाजवा ने बताया कि उन्हें आशंका थी कि उनके पार्षदों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
एक पार्षद को पीटा गया और जबरन गायब किया
इसी कारण उन्होंने वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अनुमति के लिए हाई कोर्ट में अपील की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद, उनके एक पार्षद को पीटा गया और जबरन गायब कर दिया गया। बाजवा ने घोषणा की कि वे इस चुनाव को रद्द कराने और नए सिरे से चुनाव करवाने के लिए माननीय कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

पार्षदों के खिलाफ मामले दर्ज इसलिए किया गिरफ्तार
बटाला पुलिस के एसपी रमनदीप सिंह ने बताया कि जिन पार्षदों के खिलाफ मामले दर्ज थे, उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि झगड़ा कर रहे लोगों को पुलिस ने शांत कर दिया है और स्थिति नियंत्रण में है।
