होशियारपुर में AAP सरपंच की बेरहमी से हत्या: 20 हमलावरों ने घर में घुसकर तलवारों से किया हमला

सरपंच सतपाल मेंटा की फाइल फोटो।
होशियारपुर- होशियारपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) सरपंच सतपाल सिंह मिंटा की मंगलवार रात घर के बाहर हत्या कर दी गई। तलवारों से लैस युवकों ने पहले कार पार्किंग को लेकर झगड़ा किया और फिर तलवार से वार करने लगे। जब सरपंच लड़ाई रोकने घर के बाहर आए तो हमलावरों ने उनके ऊपर कार चढ़ा दी। वो यहीं नहीं रुके और सरपंच के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर कार को दो बार आगे पीछे किय।

बेटा राहुल घायल पिता को अस्पताल लेकर जाने लगा तो रास्ते में बलेरो गाड़ी में आए युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और परिवार पर हमले की कोशिश की। किसी तरह से परिवार अपनी कार रिवर्स कर वह भाग निकला, लेकिन तब तक पिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सिविल अस्पताल होशियारपुर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और अज्ञात लोगों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है।

सरपंच सतपाल सिंह के बेटे ने बताया कि हमलावरों ने पहले तलवार से हमला किया और फिर तेज रफ्तार कार चढ़ा दी।
सरपंच सतपाल सिंह के बेटे ने बताया कि हमलावरों ने पहले तलवार से हमला किया और फिर तेज रफ्तार कार चढ़ा दी।

जानिए पूरा मामला…

तलवारों के साथ पहुंचे आरोपी

प्रत्यक्षदर्शी गुरिंदर सिंह गोल्डी के अनुसार, रात 8 बजे के करीब 15 से 20 आरोपी आल्टो और फोर्ड फिगो कारों में सवार होकर तेजधार हथियारों के साथ सीधे सरपंच सतपाल सिंह (55) के घर पहुंच गए। घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते बदमाशों ने हमला कर दिया।

पहले गाड़ी चढ़ाई, फिर तेजधार हथियारों से वार

आनंदगढ़ गांव निवासी मृतक के बेटे राहुल के अनुसार, जब पिता बदमाशों को रोकने बाहर आए तो तलवार से कई वार किए गए। इसके बाद उन्होंने हाथ से तलवार पकड़ ली। लेकिन आरोपियों ने अपनी कार दो बार रिवर्स कर सरपंच सतपाल मिंटा के ऊपर चढ़ा दी। जब उन्हें लगा कि वह अभी जीवित हैं, तो उन्होंने खंडों (तेजधार हथियारों) से दोबारा हमला किया। घर के लोग और महिलाएं इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल ले जाते समय भी नहीं छोड़ा पीछा

राहुल ने बताया कि जब वह पिता को लेकर अस्पताल जा रहे थे, तब आरोपियों ने रास्ते में बोलेरो अड़ाकर फिर हमला करने की कोशिश की। राहुल ने गाड़ी रिवर्स कर आरोपियों की गाड़ी में टक्कर मारी और सीधे मुख्य थाने के गेट के अंदर गाड़ी ले गए। इसके बाद अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उनके पिता की मौत हो चुकी थी।

इन लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

परिजनों के अनुसार, हमलावरों में जानखेड़ी निवासी भागू, महलांवाली के अंकू, पंकज पठानिया सहित 20 लोग थे। 20 युवक दो कारों और कई मोटरसाइकलों पर आए थे। साथ ही सेवानिवृत्त सैनिक और अंकू के चाचा जस्सी ने भी आरोपियों का साथ दिया।

राजीनामे के लिए बुलाने के चलते रंजिश रखी

बेटे राहुल के अनुसार, कुछ समय पहले पड़ोसी गांव के युवकों के बीच एक विवाद हुआ था, जिसे उनके पिता सतपाल ने मध्यस्थता करके राजीनामे के जरिए सुलझाया था।

इसी समझौते को लेकर हमलावर मन में रंजिश रखे हुए थे। मंगलवार को रंजिश के तहत हमलावरों ने पहले सरपंच पर अपनी गाड़ी दो से तीन बार चढ़ाई और फिर गाड़ी से उतरकर उन पर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

डीएसपी बोले- कुछ आरोपी हिरासत में, जांच जारी

डीएसपी सिटी कुलभूषण शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सरपंच की हत्या उनके ऊपर गाड़ी चढ़ाकर की गई है। हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल जारी है।

Share This Article
Leave a comment