नशा तस्करी में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा: कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत; बोले- 76,701 तस्कर जेल भेजे, 21.99 करोड़ की ड्रग मनी जब्त

जालंधर: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य से नशे के पूर्ण खात्मे के लिए ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासनिक परिसर में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 1 मार्च 2025 से 30 अगस्त 2026 तक पूरे राज्य में 58,797 मामले दर्ज कर 76,701 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है और भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ 21.99 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई है।

बैठक में विधायक बलकार सिंह, एडीसी अमरजीत बैंस, एसएसपी (देहात) हरविंदर सिंह विर्क और नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने और जमानत या पैरोल पर बाहर आए तस्करों की निरंतर निगरानी करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति दोबारा तस्करी में संलिप्त पाया जाता है तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मंत्री ने युवाओं को बचाने के लिए तस्करों पर नकेल कसने के साथ-साथ पीड़ितों के पुनर्वास और सामाजिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने जानकारी दी कि जालंधर देहात पुलिस ने अभियान के तहत 2,815 मामले दर्ज कर 3,980 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 6,500 से अधिक पीड़ितों को नशा मुक्ति केंद्रों में पुनर्वास के लिए भेजा है। विधायक बलकार सिंह और नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा प्रभारी अतिन अग्निहोत्री ने भी इस अभियान को जन-आंदोलन बनाकर ‘रंगला व नशा मुक्त पंजाब’ बनाने के संकल्प को दोहराया।

Share This Article
Leave a comment