जालंधर:**कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना बस्ती बावा खेल ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही दिनों के भीतर एक अंधे कत्ल की वारदात को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जालंधर के पुलिस कमिश्नर श्रीमती स्वपन शर्मा, IPS के दिशा-निर्देशों के तहत, ADCP-2 श्री राकेश कुमार यादव PPS और ACP/WEST श्री आतिश भाटिया PPS की देखरेख में थाना बस्ती बावा खेल के मुख्य अधिकारी SI जयिंदर सिंह और पुलिस चौकी लैदर कॉम्पलेक्स के इंचार्ज SI अजमेर लाल की पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 04.06.2026 को थाना बस्ती बावा खेल में हरप्रीत सिंह ने सूचना दी थी कि गुरु रामदास एन्क्लेव, शेर सिंह कॉलोनी (जालंधर) स्थित मकान नंबर 416 की पहली मंजिल, जिस पर ताला लगा हुआ था, वहां से बेहद तीखी बदबू आ रही है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए लैदर कॉम्पलेक्स पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब मकान की तलाशी ली, तो कंबल में लिपटी हुई गली-सड़ी अवस्था में एक लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान तनिष अरोड़ा उर्फ नोनी (पुत्र स्वर्गीय विजय कुमार, निवासी मकान नंबर WP-119, नजदीक गुरु नानक पार्क, बस्ती शेख, जालंधर) के रूप में की गई।
मृतक के भाई मनीष अरोड़ा के बयानों के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार सिंह (पुत्र सदानंद सिंह, निवासी पिंड बुलेन्दपुर, डाकखाना नूरपुर, जिला जालंधर, हाल निवासी मकान नंबर 416, गुरु रामदास एन्क्लेव, शेर सिंह कॉलोनी, जालंधर) के खिलाफ धारा 103, 3(5) BNS के तहत मुकदमा नंबर 146 दिनांक 05.06.2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी दीपक कुमार सिंह हत्या की वारदात को अंजाम देकर झारखंड में अपने एक रिश्तेदार के घर पर छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर आरोपी को पिंड सिखों, मुहरी, झारखंड से धर दबोचा। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, और पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और दातर (हथियार) भी बरामद कर लिया है।
