जालंधर: बस्ती इलाके की नहर में मिला अज्ञात महिला का शव, लोगों ने पानी से निकाला बाहर; शिनाख्त में जुटी पुलिस

जालंधर: महानगर के बस्ती क्षेत्र से गुजरने वाली नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के समय काम से लौट रहे प्रत्यक्षदर्शी मोनू ने जब नहर में शव बहता देखा, तो उसने तुरंत शोर मचाया और साथ मौजूद एक अन्य युवक की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला, ताकि वह तेज बहाव में आगे न बह जाए। इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद मृतका की पहचान नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार की चोट या मारपीट के स्पष्ट निशान नहीं दिखे हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पहचान के लिए 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की शिनाख्त के लिए जिले के सभी थानों और नजदीकी इलाकों में तस्वीरें व हुलिया भेजा जा रहा है। यदि निर्धारित 72 घंटों के भीतर मृतका के परिजन या वारिस सामने आते हैं, तो उनके बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी; अन्यथा शिनाख्त न होने की स्थिति में पुलिस धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव का अंतिम संस्कार करवाएगी।

Share This Article
Leave a comment