जालंधर: पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धोखाधड़ी में शामिल मंजीत सिंह बेदी को गिरफ्तार किया है, जो अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) की ‘मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स’ सूची में भी शामिल था। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के निर्देशों और डीसीपी स्पेशल ब्रांच मनप्रीत सिंह (PPS) की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। आरोपी मंजीत सिंह बेदी, निवासी मकान नंबर 121/7, अमर नगर (गुलाब देवी रोड, जालंधर) के खिलाफ रामा मंडी थाने में बीएनएस (BNS) की धारा 316(2), 318(4) और पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल्स रेगुलेशन एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अमेरिका के वाशिंगटन स्थित टकोमा (सिएटल) में एक ‘एशियन ग्रोसरी स्टोर’ चलाता था। वहां उसने अमेरिकी सरकार के ‘सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम’ (SNAP) के तहत मिलने वाले ईबीटी (EBT) कार्ड्स के जरिए बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया। आरोपी ग्राहकों को राशन देने के बजाय उनके कार्ड पर मिलने वाली राशि का आधा हिस्सा नकद देता था और बाकी आधा खुद हड़प लेता था। इस तरह उसने मार्च 2024 से जून 2025 के बीच अमेरिकी सरकार के साथ लगभग 6 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 5 करोड़ रुपये) की धोखाधड़ी की। मामला दर्ज होने के बाद वह कनाडा के रास्ते भागकर अप्रैल 2026 में भारत लौटा था। फिलहाल जालंधर पुलिस आरोपी के अंतरराष्ट्रीय यात्रा रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और अन्य संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही है।
