अखंड केसरी (सोनू छाबड़ा ):- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 800 ग्राम हेरोइन सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर आईपीएस के दिशा-निर्देशों, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह पीपीएस, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत पुरी आईपीएस, एसीपी-डी अमरबीर सिंह पीपीएस तथा इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह इंचार्ज क्राइम ब्रांच जालंधर की निगरानी में की गई। जानकारी अनुसार 22 अप्रैल 2026 को क्राइम ब्रांच टीम शहर में गश्त, नाकाबंदी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की कार नंबर PB-46-AF-3127 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 800 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर जस्करण सिंह उर्फ करण निवासी तरनतारन तथा सुखदेव सिंह उर्फ सुखा निवासी तरनतारन हाल निवासी अमृतसर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बस्ती बावा खेल, जालंधर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21C, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जस्करण सिंह 10वीं पास है और ड्राइवर का काम करता था, जबकि सुखदेव सिंह 8वीं पास है और पहले डेयरी का काम करता था। दोनों पिछले करीब 6 महीनों से हेरोइन तस्करी में सक्रिय थे। पुलिस ने आरोपियों से बरामद कार को भी कब्जे में ले लिया है। आज दोनों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और किन-किन लोगों तक सप्लाई की जानी थी। इस कार्रवाई को जालंधर पुलिस द्वारा नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
