89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस,इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है।
हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर ही अंतिम सांस ली। वे 89 साल के थे। ओम प्रकाश चौटाला चार बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनका निधन हरियाणा की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। सीएम नायब सैनी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त कर उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए कामना की है।
सीएम नायब सैनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा, ‘इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की।देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ओम शांति।’
कांग्रेस ने भी शोक व्यक्त किया
कांग्रेस ने भी ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के निधन की खबर दुखद है। उन्होंने हरियाणा और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।’


