दरअसल इंडिगो की फ्लाइट में हाल के दिनों में कई समस्याएं सामने आई हैं। दो हफ्ते पहले दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट के पक्षी से टकरा जाने के तुरंत बाद भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। इसी तरह से अगस्त में इंडिगो की फ्लाइट में यात्री की तबीयत बिगड़ जाने के बाद मेडिकल इमरजेंसी के लिए नागपुर हवाई अड्डे पर लैंडिंग करनी पड़ी थी। मुंबई से रांची जा रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री को खून की उल्टी होने लगी थी। हालांकि लैंडिंग के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।
इसके पहले मंगलवार को एक ही दिन में कुछ घंटे के अंतराल पर बीच आसमान में फ्लाइट में तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं. कोलकाता से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट का एक इंजन बीच हवा में खराब हो गया, जिसके बाद उसे इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
वहीं मदुरै से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट का इंजन भी बीच हवा में काम करना बंद कर दिया था, इसके बाद उस फ्लाइट की भी इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। इन तमाम घटनाओं में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के निर्देश पर जांच हो रही है. कंपनी ने इन तकनीकी खामियों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया है।


