कैबिनेट मंत्री मुंडियां ने भाजपा प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ पर पलटवार: मुंडियां बोले- मुझे हलका साहनेवाल के करीब पौने 3 लाख वोटरों ने चुनकर विधानसभा में भेजा

लुधियाना। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने भाजपा प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ पर पलटवार किया है। मुंडिया ने दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें कहा था कि 1600 करोड़ रुपए का राहत पैकेज पंजाब में आई तबाही के लिए बहुत कम है, जिस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें कहा था कि क्या उन्हें हिंदी समझ नहीं आती। 1600 करोड़ दे तो दिया।

मुंडियां ने प्रधानमंत्री द्वारा कहे शब्दों को पंजाब का अपमान कहा। जिसके बाद भाजपा प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने मीडिया से कहा कि वह मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां को नहीं जानते। उन्हें नहीं पता कि मुंडियां कौन है और उनके पास कौन से विभाग है। जाखड़ के इस स्टेटमेंट का मुंडियां ने आज (गुरुवार को) जवाब दिया है। वे चंडीगढ़ में मीडिया से बात कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़।
भाजपा प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़।

मुझे पौने 3 लाख लोगों ने विधानसभा में भेजा है: मुंडियां

मुंडियां ने कहा कि मुझे हलका साहनेवाल के करीब पौने 3 लाख वोटरों ने चुनकर विधानसभा में भेजा है। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 3 विशेष विभाग देकर मंत्री बनाया है। यदि जाखड़ को पंजाब सरकार के मंत्रियों के विभागों का ही नहीं पता तो वह पंजाब और पंजाब के लोगों को क्या समझ पाएंगे। जाखड़ कभी पंजाब से प्यार नहीं कर सकते। आज आम आदमी पार्टी में हम आम घरों के लोग मंत्री बन गए है इसी कारण ये नेता अब हम जानते तक नहीं है।

मुंडियां ने कहा कि, मैंने पंजाब के मजदूरों और किसानों की बात प्रधानमंत्री मोदी के आगे रखी थी। बाढ़ वाले इलाकों में जाकर देखना चाहिए कि वहां क्या हालात बने हैं। पंजाब के किसानों का बहुत ज्यादा नुकसान हो गया है। अभी सिर्फ एक फसल खराब हुई, जबकि अब आने वाले समय में अन्य फसलों को भी बीजा नहीं जा सकेगा। खेत तैयार करने में बहुत समय लगता है।

पंजाब को चाहिए 20 हजार करोड़ रिलीफ फंड

उन्होंने कहा कि, पंजाब में हजारों करोड़ का नुकसान हुआ है। पंजाब को करीब 20 हजार करोड़ का रिलीफ फंड चाहिए। कई परिवार उजड़ गए हैं। पंजाब को पहले जैसी स्थिति में अभी लाना बहुत मुश्किल है। यदि मैंने किसानों के हितों की बात की तो प्रधानमंत्री मोदी को भी दुख लगा है और सुनील जाखड़ को भी। जाखड़ को सिर्फ अपने आका ही नजर आते हैं, बाकी पंजाब की जनता और पंजाब के नेता उन्हें नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि, जाखड़ का मैं सम्मान करता था लेकिन इस तरह की घटिया शब्दावली इस्तेमाल करके उन्होंने ठेस पहुंचाई है।

Share This Article
Leave a comment