WAVES सम्मेलन के पहले दिन कई दिग्गज और सितारे शामिल हुए। इस दौरान मुकेश अंबानी ने कहा कि, भारत का मीडिया और मनोरंजन उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द दुनिया का सबसे बड़ा मनोरंजन बाजार बनेगा।
मई 02, मुंबई:- मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुए वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) को लेकर पहले दिन से ही काफी उत्साह देखा गया। इस वैश्विक सम्मेलन के पहले दिन मनोरंजन जगत के कई दिग्गज सितारे और सुपरस्टार्स शामिल हुए। विभिन्न पैनल चर्चाओं और विशेष सत्रों में कलाकारों और विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भी इस सम्मेलन में भाग लिया और ‘Building the Next Global Entertainment Revolution from India’ सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वेव्स सम्मेलन एक उत्साह और आत्मविश्वास का प्रतीक है और आने वाले समय में यह और भी बड़ा और बेहतर होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन भविष्य में वैश्विक मनोरंजन उद्योग के लिए एक अहम कार्यक्रम बन जाएगा।
मुकेश अंबानी ने कहा कि, भारत का मीडिया और मनोरंजन उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह केवल हमारी सॉफ्ट पावर नहीं है, बल्कि भारत की असली ताकत बनता जा रहा है। उन्होंने भारतीय कलाकारों को देश के सांस्कृतिक राजदूत बताया और कहा कि भारत की संस्कृति और रचनात्मकता वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना रही है।
अंबानी ने यह भी कहा कि भारत की जनसांख्यिकी देश का दूसरा महत्वपूर्ण लाभकारी पक्ष है। कुछ समय में भारत की अर्थव्यवस्था तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। इससे भारत दुनिया का सबसे बड़ा मीडिया और मनोरंजन बाज़ार बन जाएगा।


