पहाड़ों पर मानसून की बारिश आफत लेकर आई है। उत्तराखंड में मंगलवार को कई जगह लैंडस्लाइड हुई। कर्णप्रयाग में पहाड़ ढहने से बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद हो गया है। हरिद्वार-देहरादून रेल पर चट्टान गिरने से रेल परिचालन ठप पड़ा है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में आज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में भी जगह-जगह पहाड़ दरकने की घटनाएं हुईं। चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-कांगड़ा नेशनल हाईवे सहित 500 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला, मंडी, सोलन और कुल्लू जिले में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

यूपी के 24 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक 343 मकान बारिश के चलते ढह चुके हैं। लखनऊ, प्रयागराज समेत 10 शहरों में मंगलवार को लगातार चौथे दिन रुक-रुककर बारिश हुई। हापुड़ में सरकारी स्कूल की जर्जर बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। बिजनौर में मकान की छत गिर गई। अंदर फंसे 7 लोगों को 3 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला गया।

हिमाचल में चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर मंगलवार को लैंडस्लाइड हुई, इससे हाईवे बंद हो गया।
बिहार में भी लगातार बारिश जारी है। बक्सर, पटना में गंगा का जलस्तर खतरे के निशाना के पास है। फतुहा, बक्सर में श्मशान घाट डूबे हैं, जिसके चलते लाशें सड़क किनारे जलाई जा रही है। वहीं, भोजपुर में बाढ़ जैसे हालात हैं। यहां के 71 स्कूलों को 9 अगस्त बंद किया गया है। वहीं, बेतिया में सड़क पर 4 फीट तक गंडक का पानी भर गया है।


