पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विरोध में मार्च निकाला और पुतला दहन किया। विधायक संजय गुप्ता ने कांग्रेस पर देशद्रोह का आरोप लगाया।
21 फरवरी, पटना (पटना , बिहार) : आज पटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय से इनकम टैक्स गोलंबर तक राहुल गांधी के विरोध में जोरदार मार्च निकाला। मार्च में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के पुतले को आग के हवाले किया।
कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक संजय गुप्ता भी इस प्रदर्शन में उपस्थित रहे। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस समय भारत में एआई समिट आयोजित हो रहा था और दुनिया के कई देशों के प्रतिनिधि भारत आए हुए थे, उसी दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश की गई।
संजय गुप्ता ने इसे देशद्रोह कृत्य करार देते हुए कहा कि भारत की जनता इस तरह के कृत्य को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा देश के सम्मान और राष्ट्रहित से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
