कप्तान ऋषभ पंत ने खोया आपा : पंत मैदान पर कुलदीप यादव पर क्यों भड़के, देखिये वीडियो….

गुवाहाटी/स्पोर्ट्स डेस्क

गुवाहाटी में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक अनोखा वाकया देखने को मिला, जब भारतीय कप्तान ऋषभ पंत मैदान पर अपने साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव पर भड़कते हुए नजर आए। दरअसल, कुलदीप ओवर डालने में समय लगा रहे थे और इससे आईसीसी के स्टॉप-क्लॉक नियम का उल्लंघन माना जा रहा था। अंपायर ने उन्हें चेतावनी भी दी थी। पंत एक-दो बार नहीं, कई बार आपा खोते नजर आए और उन्होंने विकेट के पीछे से खिलाड़ियों को फटकार भी लगाई।

पहले दिन ही भारत को ओवर में देरी के लिए पहली चेतावनी मिल चुकी थी, लेकिन दूसरे दिन 88वें ओवर के दौरान जब फिर से टीम समय सीमा का पालन नहीं कर पाई, तो अंपायर रिचर्ड केटलबरो ने भारत को दूसरी चेतावनी दे दी। इसी दौरान पंत का धैर्य टूट गया और वह अपने साथी से नाराजगी जताते सुने गए।

स्टंप माइक पर उनकी आवाज साफ कैद हुई। पंत कहते हुए नजर आए- यार 30 सेकंड का टाइमर है, घर पे खेल रहे हो क्या? एक बॉल डाल जल्दी।’ इसके बाद उन्होंने और सख्त लहजे में कहा- यार कुलदीप, दोनों बार वार्निंग ले ली। मजाक बना रखा है टेस्ट क्रिकेट को?’ इस घटना ने दर्शकों को पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी वाली सख्ती की याद दिला दी, जो अपने खिलाड़ियों से ऊर्जा और अनुशासन की उम्मीद रखते थे।

ICC का स्टॉप-क्लॉक नियम क्या कहता है?

आईसीसी ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में भी स्टॉप-क्लॉक नियम लागू किया है। इस नियम के तहत, ‘एक ओवर खत्म होने के बाद अगला ओवर 60 सेकंड के अंदर शुरू होना चाहिए।’ टीम को पहली दो बार सिर्फ चेतावनी मिलती है। तीसरी बार से बल्लेबाजी टीम को पांच रन बोनस के रूप में मिलते हैं। हर 80 ओवर के बाद यह गिनती रीसेट होती है। यह नियम सीमित ओवर प्रारूप में पहले से लागू है और इसी साल टेस्ट क्रिकेट में शामिल किया गया है।
Share This Article
Leave a comment