जालंधर- तरनतारन पुलिस ने गैंगस्टर लाखबीर सिंह लांडा के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके एक गुर्गे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ तरनतारन के गांव शेरे में हुई, जहां पुलिस ने आरोपी को घेरते हुए जवाबी कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक आरोपी अक्षदीप सिंह उर्फ अक्का (निवासी मुरादपुरा) ने करीब एक महीने पहले जंडियाला रोड के एक शिक्षक से 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी, जो लांडा के इशारे पर की गई थी। फिरौती न देने पर आरोपी ने शिक्षक के घर पर दो बार पेट्रोल बम से हमला भी किया था। मामले की जानकारी मिलते ही डीएसपी सिटी सुखबीर सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने नाका लगाकर आरोपी को रोकने का संकेत दिया, लेकिन वह बाइक पर फरार हो गया। पीछा करने के दौरान गांव शेरे के पास बाइक फिसलने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे धर दबोचा गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और बाइक बरामद की है। एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि आरोपी के तार संगठित अपराध और फिरौती नेटवर्क से जुड़े हैं तथा मामले की आगे जांच जारी है।
