रोपड़ (रूपनगर)। पंजाब के रोपड़ में चंडीगढ़ पुलिस के पूर्व DSP ने साथियों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता नितिन नंदा पर फायरिंग कर दी। उन पर 3 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली उनके सिर के पीछे लगी, जबकि 2 गोलियां उनके शरीर को छूकर निकल गईं। घायल नितिन नंदा को तुरंत सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया।अभी भी गोली सिर के अंदर फंसी हुई है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

आम आदमी पार्टी के नेता नितिन नंदा को चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना बुधवार को आनंदपुर साहिब के अगमपुर चौक–जहाज रोड पर सामने आई। नंदा यहां विवाह समारोह में आए हुए थे। इस घटना की सूचना मिलते ही AAP कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है दोनों पक्षों में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है।

अब सिलसिलेवार ढंग से पूरा मामला पढ़िए…
- शादी में शामिल होने पहुंचे थे नंदा: घटना उस समय हुई जब नितिन नंदा अपने ही गांव में एक लड़की की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। वे जब खाना खा रहे थे, तभी अचानक फायरिंग शुरू हो गई। उस वक्त उनके साथ उनका गनमैन भी मौजूद था, जो खाना खा रहा था। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी दिलशेर सिंह भी उसी विवाह समारोह में मौजूद थे।
- पूर्व DSP समेत 3 लोगों ने फायरिंग की: एसपी गुरदीप सिंह गोसल ने बताया कि सूचना मिलते ही एसएचओ और डीएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। फायरिंग में चंडीगढ़ पुलिस के एक पूर्व डीएसपी दिलशेर सिंह, राम कुमार, और एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है।

- दोनों पक्षों में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद: एसपी गोसल ने बताया कि यह घटना आपसी संपत्ति विवाद से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि मौके से सबूत इकट्ठे कर लिए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

