जालंधर/अंकित भास्कर
जिला प्रशासन ने शहर में हो रही सड़क खुदाई के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले विभागों को कड़े शब्दों में चेतावनी जारी की है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि रोड एक्सकेवेशन के दौरान स्टैण्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन अनिवार्य है और इसके उल्लंघन पर संबंधित विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सड़क को खोदने से पहले उसकी पूरी मैपिंग की जाए, जिसमें सीवर लाइन, गैस पाइपलाइन, बिजली के तार और अन्य महत्वपूर्ण नेटवर्क की सुरक्षित लोकेशन शामिल हो। उन्होंने कहा कि खुदाई किए गए स्थल पर बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा, जिसमें काम की शुरुआत, जिम्मेदार विभाग और काम पूरा होने की तिथि स्पष्ट लिखी जाए, ताकि लोगों को असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी दोहराया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क की मरम्मत करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होगी। इस कार्य में लापरवाही पाई जाने पर अधिकारी और विभाग दोनों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने गैस पाइपलाइन क्षति और गलत खुदाई से होने वाले संभावित हादसों के मद्देनज़र सुरक्षा प्रोटोकॉल और जागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि शहर में होने वाले सभी खुदाई कार्यों का पूरा रिकॉर्ड और निगरानी रखी जाए तथा सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करें, ताकि आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में जालंधर नगर निगम, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग और थिंक गैस सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
