अखंड केसरी ब्यूरो :- नोएडा पुलिस ने एक खतरनाक ‘WinGo’ ऐप का खुलासा किया है, जो यूजर्स को साइबर अपराधी बना रहा है। यह ऐप ‘Telecom Mule as a Service’ के रूप में काम करता है और Google Play Store पर उपलब्ध नहीं है। इस ऐप को दोस्त या परिचित के जरिए Referral Link से डाउनलोड किया जाता है। ऐप का दावा है कि बस फोन में ऐप इंस्टॉल कर 100-150 SMS भेजने पर पैसे मिलेंगे। लेकिन जैसे ही यूजर ऐप इंस्टॉल करता है, अपराधी उसका फोन एक्सेस कर उसकी गैलरी, कॉन्टैक्ट्स और लोकेशन चुराते हैं। इसके बाद, यूजर के फोन से सैकड़ों लोगों को ठगी के मैसेज भेजे जाते हैं। पुलिस जांच में अपराधी तक पहुंचने के बजाय यूजर तक पहुंच जाती है। गृह मंत्रालय और पुलिस ने ‘WinGo’ के सर्वर को ब्लॉक कर दिया और 1.5 लाख से ज्यादा मेंबर्स वाले 4 टेलीग्राम चैनल बंद कर दिए। अगर आपने गलती से यह ऐप डाउनलोड किया है, तो तुरंत 1930 (साइबर हेल्पलाइन) पर कॉल करें।
