जालंधर में अवैध कब्जे पर बड़ी कार्रवाई, नशा तस्कर की इमारत जमींदोज

जालंधर–   जालंधर में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत मंगलवार की दोपहर गांव जमशेर में एक नशा तस्कर द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया। कमिश्नरेट पुलिस और नगर निगम की टीम ने यह कार्रवाई  की।  यह कार्रवाई नशा तस्कर जेमस के मकान पर की गई। पुलिस और निगम की इस कार्रवाई को देखने के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकले और इसकी सराहना की।

आरोपी के खिलाफ 16 मामले दर्ज

नशा तस्कर जेमस के खिलाफ एनडीपीएस और एक्साइज एक्ट के तहत कुल 16 मामले दर्ज थे। उसकी पिछले साल जेल में मौत हो गई थी। जेमस की मौत के बाद उसकी पत्नी सत्या ने नशे का कारोबार जारी रखा, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि गांव की पंचायत ने उन्हें गांव जमशेर छप्पर की जमीन पर अवैध निर्माण की सूचना दी थी। जांच के बाद कार्रवाई की गई और ध्वस्त किए गए हिस्से की जमीन पंचायत को वापस सौंप दी गई है।

जालंधर में नशा तस्कर के मकान को ध्वस्त करती जेसीबी।
जालंधर में नशा तस्कर के मकान को ध्वस्त करती जेसीबी।

आरोपी ने नोटिस का नहीं दिया जवाब

एडीसीपी हरविंदर सिंह गिल ने बताया कि, आरोपी नशा तस्कर जेमस और उसकी पत्नी सत्या ने गांव जमशेर में पंचायत की जमीन पर अवैध निर्माण किया था। नगर निगम को इसकी सूचना मिली थी, जिसके बाद कई नोटिस जारी किए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान मौक पर पुलिस प्रशासन मौजूद

उन्होंने बताया कि नगर निगम ने पुलिस टीम को अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए सूचना दी थी, ताकि कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निगम की टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान थाना सदर की टीम भी मौजूद रही।

एडीसीपी गिल ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में कोई नशे के कारोबार को बढ़ावा दे रहा है, तो वे पंजाब सरकार के व्हाट्सएप नंबर 9779-100-200 पर जानकारी साझा करें। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

Share This Article
Leave a comment