होशियारपुर में लूट की कोशिश नाकाम: दुकान में बंद हुए लुटेरे, बोले– भाजी शटर खोल दो, घर जाना है

दुकान में लुटेरों के घुसते ही लोगों ने शटर बंद कर दिया।
होशियारपुर होशियारपुर में दुकानदारों की बहादुरी से 4 लुटेरे पकड़े गए। हुआ यूं कि वह हाथों में हथियार लेकर एक मोबाइल शॉप में घुस गए। वहां घुसकर वह गुंडागर्दी करने लगे। यह देखकर बाहर खड़े दूसरे दुकानदारों ने शटर गिरा दिया। इसके बाद लुटेरों ने काफी देर तक शटर खोलने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। लुटेरों के साथ दुकानदार और वहां काम करने वाली 2 लड़कियां भी अंदर ही बंद हो गईं।

पहले तो लुटेरे दुकानदार को डराते रहे और शटर पर डंडे मारकर खोलने के लिए कहते रहे लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी। जब उन्हें समझ आ गया कि अब पकड़े गए तो वह मिन्नतें करने लगे। वह दुकानदार को कहने लगे- भाजी, शटर चुकवा देयो, सानूं जा लैण दो, असीं अग्गे घर वी जाणा। हालांकि किसी ने उनकी बात नहीं मानी।

देखिए पूरा मामला…

1. लुटेरे हथियार लेकर अंदर घुसे

चार लुटेराें के हाथ में हथियार हैं। उन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ है। तीनों तेजी से दुकान के अंदर घुस जाते हैं।

2. लुटेरों के अंदर घुसते ही कस्टमर भागे

जैसे ही 4 हथियारबंद नकाबपोश लुटेरे अंदर घुसे तो कस्टमर घबरा गए। इस दौरान एक लड़की समेत बाकी कस्टमर तेजी से दुकान से बाहर की तरफ भागकर चले जाते हैं। लुटेरे उन्हें नहीं रोकते।

3. दुकानदारों ने शटर गिराया, मुलाजिम लड़कियां फंसी

इसी दौरान बाहर खड़े दुकानदारों को पता चल जाता है कि इस दुकान में लुटेरे घुस गए हैं। जैसे ही ग्राहक बाहर निकलते हैं तो दुकान में काम करने वाली 2 मुलाजिम लड़कियां भी जान बचाने के लिए बाहर जाने की कोशिश करती हैं लेकिन उसी वक्त दुकानदार बाहर से शटर गिरा देते हैं। मुलाजिम लड़कियां भी बाहर नहीं जा पातीं।

4. लुटेरे शटर खोलने की कोशिश करते हैं

इसके बाद मुलाजिम लड़कियां घबराकर पीछे हट जाती हैं। वह दरवाजे के शीशे के पीछे चली जाती हैं। इसी दौरान लुटेरे भी घबरा जाते हैं। वह तुरंत शटर को नीचे से खोलने की कोशिश करते हैं लेकिन कामयाब नहीं हो पाते।

5. लुटेरे शटर पर डंडा मारकर डराते हैं

इसके बाद तीन लुटेरे शटर के पास पहुंचते हैं और उसे खोलने की कोशिश करते हैं लेकिन बाहर से शटर नहीं खोला जाता तो वह शटर पर डंडे मारकर डराने लगते हैं कि बाहर से इसे खोलो लेकिन बाहर से दुकानदार शटर नहीं खोलते।

6. शटर न खुलने पर लुटेरे घबरा जाते हैं

इसके बाद चारों लुटेरे समझ जाते हैं कि वह फंस गए हैं। वह चारों इकट्‌ठा होकर शटर को खोलने की कोशिश करते हैं लेकिन कामयाब नहीं हो पाते। इस दौरान मुंह से नकाब न हट जाए, इसके लिए भी वह कोशिश करते हुए नजर आते हैं। एक नकाबपोश लुटेरा काफी घबराया हुआ भी नजर आता है।

7. दुकानदार की मिन्नतें करते हैं

घबराए हुए लुटेरे अब दुकानदार की मिन्नतें करने लगते हैं कि शटर खुलवा दो। उन्हें बाहर जाने दो। उन्हें घर भी जाना है। हालांकि दुकानदार इसके जवाब में कुछ नहीं कहता। वहीं बाहर से दुकानदार भी शटर नहीं खोलते और पुलिस बुला लेते हैं। जिसके बाद पुलिस इन चारों लुटेरों को हिरासत में लेकर चली जाती  है।

पुलिस बोली- पूछताछ कर रहे

होशियारपुर पुलिस के मुताबिक यह पूरा मामला फगवाड़ा रोड स्थित अड्‌डा फुगलाणा का है। जहां बीते दिन ये लुटेरे घुसे थे। जिसके बाद दुकानदारों ने उन्हें करीब 2 घंटे तक अंदर ही बंद रखा। इस दौरान लुटेरे बाहर निकलने के लिए मिन्नतें करते हुए गिड़गिड़ाते और छटपटाते रहे लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। फिर पुलिस पहुंची तो उन्हें बाहर निकाला गया। इस बारे में पुलिस ने कहा कि उन्हें हिरासत में लेने के बाद पूछताछ की जा रही है। उनका क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment