AGTF और बठिंडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूट की साजिश नाकाम, दो आरोपी अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार

अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब में अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब ने बठिंडा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों जैकी कुमार उर्फ जैकी और विकास अरोड़ा को अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी बठिंडा में एक व्यापारी को लूटने की साजिश रच रहे थे। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में यह भी सामने आया है कि बरामद हथियार दिल्ली से खरीदे गए थे, जबकि इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और संबंधों की भी गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी विकास अरोड़ा का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें घरेलू हिंसा का मामला भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 देसी .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी हुई है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment