माँ बगलामुखी धाम में लगा फ्री कायरोप्रैक्टिक मेडिकल कैंप, सैकड़ों मरीजों को मिला राहत का उपचार

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के गुलमोहर सिटी, लम्मा पिंड के नजदीक स्थित सिद्ध माँ बगलामुखी धाम में एक विशाल फ्री कायरोप्रैक्टिक मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ उठाया। इस कैंप का शुभारंभ धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज जी द्वारा विधिवत रूप से किया गया। कैंप के दौरान प्रसिद्ध कायरोप्रैक्टर अमरिंदर पाल सिंह आहलूवालिया ने मरीजों की रीढ़ की हड्डी, गर्दन, कमर और जोड़ों से संबंधित समस्याओं की बारीकी से जांच कर उन्हें मौके पर ही उपचार प्रदान किया तथा आवश्यक सावधानियों और जीवनशैली में सुधार संबंधी महत्वपूर्ण सलाह भी दी। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस कैंप में हर आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया और विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ उठाया। डॉक्टर आहलूवालिया ने बताया कि आज के आधुनिक जीवन में गलत बैठने की आदत, लंबे समय तक मोबाइल और कंप्यूटर का उपयोग तथा शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण रीढ़ और जोड़ों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिनका समय पर इलाज बेहद जरूरी है। इस अवसर पर नवजीत भारद्वाज जी ने कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क मेडिकल कैंप समाज के लिए बहुत उपयोगी साबित होते हैं, क्योंकि इससे जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सही मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सिद्ध माँ बगलामुखी धाम भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यों का आयोजन करता रहेगा और समाज की सेवा में निरंतर योगदान देता रहेगा।

Share This Article
Leave a comment