अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के गुलमोहर सिटी, नजदीक लम्मा पिंड चौक स्थित माँ बगलामुखी धाम में पावन नवरात्रि के अवसर पर विशेष हवन-यज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत ब्राह्मणों द्वारा मुख्य यजमान अमित अग्रवाल एवं उनके परिवार से विधिवत वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पंचोपचार पूजन, षोडशोपचार पूजन तथा नवग्रह पूजन करवाकर की गई, जिसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में आहुतियां डालकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्रि का दूसरा दिन माँ ब्रह्मचारिणी को समर्पित होता है, जो तप, त्याग, संयम और साधना की प्रतीक मानी जाती हैं। इस अवसर पर नवजीत ने कहा कि माँ ब्रह्मचारिणी की कृपा से जीवन में स्थिरता आती है और व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि माँ का शांत, तेजस्वी और तपस्विनी स्वरूप हमें यह प्रेरणा देता है कि सच्ची सफलता के लिए धैर्य, आत्मबल और निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। माँ की आराधना केवल एक धार्मिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आत्मशक्ति को जागृत करने का माध्यम है, जो हमें जीवन की हर चुनौती से लड़ने का साहस प्रदान करती है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हवन में भाग लेकर मां के चरणों में अपनी आस्था प्रकट की और सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
