गैस एजेंसियां पहले पुरानी बुकिंग क्लियर कर रही हैं, जिससे करीब 7 से 8 दिन की पेंडेंसी चल रही है। हालांकि जिला खाद्य आपूर्ति अफसर सरताज सिंह चीमा का कहना है कि घरेलू सिलेंडरों को लेकर फिलहाल कोई समस्या नहीं है।

वहीं लुधियाना और फरीदकोट में सर्वर डाउन होने के कारण घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। इसके अलावा फरीदकोट, होशियारपुर और पटियाला समेत कई जिलों में सोमवार से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद है। पंजाब होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रधान अमरवीर सिंह ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद है। जिन लोगों के घरों में शादी या अन्य फंक्शन हैं, उन्हें परेशानी होने लगी है। अगर एक-दो दिन में समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए मीटिंग भी बुलाई गई है।
जालंधर के लाडोवाली रोड पर ढाबा कर्मचारी धीरेंद्र ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर खत्म था, इसलिए आज ब्लैक में सिलेंडर लिया है। 10 दिन पहले तक ये सिलेंडर 1600 रुपए के करीब था, अब ये 3500 रुपए के करीब मिल रहा है।

जानिए बड़े शहरों में क्या हालात हैं…
- जालंधर में ब्लैक में ₹3500 को बिक रहा सिलेंडर: जालंधर में घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत है। घरेलू उपभोक्ताओं को अब 15 दिन के बजाय महीने में केवल एक बार बुकिंग की अनुमति मिल रही है, वहीं कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई ठप होने से ढाबा संचालक परेशान है। लोग ब्लैक में कॉमर्शियल सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर हैं। 10 दिन पहले जो सिलेंडर 1600 रुपए का था, वो अब 3500 रुपए मिला रहा है। लोगों अब डीजल भट्टी का भी उपयोग कर रहे हैं।
- लुधियाना में घरेलू सिलेंडर की बुकिंग बंद: लुधियाना में घरेलू उपभोक्ताओं को भी गैस बुकिंग को लेकर परेशानी हो रही है। एलपीजी कंपनियों के बुकिंग नंबर पर कॉल नहीं लग रही है। जिसकी वजह से बुकिंग प्रोसेस में नहीं आ रही है। एजेंसी मालिकों ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग फोन कर रहे हैं। जिसकी वजह से बुकिंग सर्वर बहुत स्लो हो गया है। वहीं डीसी हिमांशु जैन ने कहा कि जिले में किसी तरह की गैस की कमी नहीं है। अफवाह फैलाने वालों पर FIR की जाएगी।
- अमृतसर में कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद: अमृतसर में भी कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बंद हो गई है। हालांकि अभी घरेलू सिलेंडर की सप्लाई चाल है। गोल्डन टेंपल के मैनेजर भगवंत सिंह तगेड़ा ने बताया कि गुरु रामदास जी के घर में किसी भी चीज़ की कोई कमी नहीं है। लंगर हॉल में प्रतिदिन करीब 25 से 30 गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा पाइपलाइन के जरिए लगभग 1200 गैस यूनिट का उपयोग भी होता है, जिससे गुरु घर में रोज़ाना लंगर तैयार किया जाता है। गैस कंपनियों की ओर से उनसे लिखित में जानकारी मांगी गई है कि रोज़ाना पाइपलाइन और सिलेंडरों के जरिए कितनी गैस का इस्तेमाल होता है।
- बठिंडा-नंगल में NFL प्लांट बंद: बठिंडा में कॉमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत है। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) के नंगल और बठिंडा प्लांट में गैस की कमी के कारण यूरिया का प्रोडक्शन रुक गया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) ने लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की सप्लाई में करीब 40 परसेंट की कटौती की है। सूत्रों के मुताबिक, गैस सप्लाई कम होने के कारण रिपेयर और मेंटेनेंस के लिए प्लांट को बंद करने का फैसला लिया गया। आमतौर पर प्लांट अप्रैल में बंद हो जाता है, लेकिन इस बार LNG की कम सप्लाई के कारण मार्च में ही बंद कर दिया गया।
