जालंधर- जालंधर के करतारपुर स्थित आर्य नगर में बाइक सवार दो लुटेरों ने एक महिला के कान से बालियां छीन लीं। यह घटना उस समय हुई जब महिला अपनी बेटी के पास गई थी, जिससे लुटेरे बातें कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बालियां छीनने के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर भागने में सफल रहे। यह पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

सीसीटीवी में कैद बाइक सवार लुटेरे
पहले बच्ची से बात करने लगे आरोपी, मां पहुंची तो वारदात की
करतारपुर के आर्य नगर निवासी सुरेंद्र कौर पत्नी बृज लाल ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी गली में खेल रही थी। उसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक बच्ची के पास रुके और उससे बातें करने लगे। जब सुरेंद्र कौर अपनी बेटी के पास पहुंचीं, तो बाइक सवार युवकों ने उनके कान से बालियां झपट लीं।
पीड़ित परिवार ने इस संबंध में थाना करतारपुर पुलिस को शिकायत दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि उनकी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
