शुक्रवार को विधायक अशोक पराशर पप्पी पुलिस बल और इलाके के कुछ लोगों के साथ अचानक अड्डों पर पहुंचे। रेड की भनक लगते ही दड्डा सट्टा चलाने वाले करिंदे मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कुछ लोगों को काबू कर लिया। करिंदों से जो मोबाइल मिले है उनमें से कुछ राजनीतिक नेताओं के नाम भी सामने आए है।

भाजपा नेताओं को मिले करिंदों के मोबाइलों से नाम
पराशर ने कहा कि विरोधी अक्सर गलत अफवाहें फैलाते हैं। वह खुद मौके पर आकर देख सकते हैं कि वह दड्डा सट्टा और अवैध लॉटरी के खिलाफ कार्रवाई करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के साथ हो रही लूट अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस को जो मोबाइल मौके से मिले है उनमें से भाजपा के नेताओं के नाम और हिसाब-किताब मिले है।
11 रुपए के मिलते 100
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति, जो लॉटरी अड्डे से जुड़ा बताया जा रहा है, ने कहा कि जो लोग लॉटरी डालने आते हैं उन्हें 11 रुपए के बदले 100 रुपए देने का लालच दिया जाता है। उसने यह भी कहा कि वह खुद दिहाड़ी मजदूरी करता है और असली मालिक कोई और है।
विधायक पराशर ने कहा कि इन अड्डों के पीछे किसी न किसी राजनीतिक व्यक्ति का हाथ जरूर हो सकता है। उन्होंने बताया कि कई जगह दुकानों के आगे पर्दे लगाए गए हैं, ताकि अंदर चल रहे अवैध काम का किसी को पता न चले।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग गरीबों के साथ ठगी कर रहे हैं, लूटपाट कर रहे हैं या नशे का कारोबार कर रहे हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मामला दर्ज कर रहे है-SHO नरदेव सिंह
वहीं थाना डिवीजन नंबर-3 के एसएचओ नरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से 2 से 3 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है। मौके से कुछ मोबाइल फोन और सट्टे से जुड़ी पर्चियां भी बरामद हुई हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
