
अखंड केसरी ब्यूरो :- होला मोहल्ला 2026 के पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के श्री आनंदपुर साहिब पहुंचने को देखते हुए पंजाब पुलिस द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्पेशल डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) ने स्वयं श्री आनंदपुर साहिब पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। 2 से 4 मार्च 2026 तक चलने वाले इस ऐतिहासिक पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे शहर को 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां करीब 5,000 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी की व्यवस्था भी की गई है, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू मार्गदर्शन के लिए 21 पार्किंग जोन बनाए गए हैं, जहां 24×7 शटल सेवाएं और क्यूआर कोड आधारित सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन और अतिरिक्त सुरक्षा के मद्देनजर चरण गंगा स्टेडियम सहित प्रमुख स्थानों पर 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और तीन स्तरीय बैरिकेडिंग प्रणाली लागू की गई है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह संगत की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और होला मोहल्ला 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।