चंडीगढ़, 12 मार्च: पंजाब खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड को नया नेतृत्व मिल गया है। श्री गगनदीप सिंह काकू अहलुवालिया ने आज चंडीगढ़ स्थित बोर्ड के मुख्य कार्यालय में बतौर चेयरमैन अपना पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री पंजाब के ओ.एस.डी. सरदार राजबीर सिंह घूमण ने उन्हें औपचारिक रूप से चार्ज दिलवाया और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, विधायक इंद्रजीत कौर मान (नकोदर), पंजाब एग्रो के स्टेट चेयरमैन मंगल सिंह बसी, मुस्लिम विकास बोर्ड के स्टेट चेयरमैन अब्दुल बारी सलमानी, मेयर वनीत धीर, काउंसलर दीपक शारदा, काउंसलर अमित ढल, मास्टर गौरव, रॉबिन सांपला, करण मल्ली, नरवैल कंग, ब्लॉक प्रधान सतनाम सिंह, बाबू थापर, चेयरमैन लखवीर सिंह, संगठन इंचार्ज जसवीर सिंह, स्पोक्सपर्सन पूजा सिंह, हरपाल सिंह चड्ढा सहित कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक हस्तियां विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वाइस चेयरमैन पवन हंस, मेंबर सचिव, बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी फूलों के गुलदस्ते भेंट कर नए चेयरमैन का गर्मजोशी से स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद आयोजित बैठक में बोर्ड द्वारा प्रदेश भर में संचालित योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान रमणदीप सिंह ने खादी संस्थाओं के माध्यम से चल रही ग्राम विकास योजनाओं तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के बारे में जानकारी दी। अपने संबोधन में चेयरमैन गगनदीप सिंह अहलुवालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं बल्कि महात्मा गांधी की आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और ग्रामीण विकास की सोच का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक बोर्ड द्वारा कई नए उद्योग इकाइयों की स्थापना कर हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है और सब्सिडी के माध्यम से हितधारकों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और युवाओं को स्व-रोजगार की ओर प्रेरित करना बोर्ड की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सके। वाइस चेयरमैन पवन हंस ने कहा कि बोर्ड की योजनाएं राज्य के युवाओं को नई दिशा दे रही हैं और खादी व ग्रामोद्योग क्षेत्र के विस्तार के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चेयरमैन के निजी सहायक अर्पित गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं कार्यालय के सुपरिंटेंडेंट देवेंद्र सिंह ने बताया कि कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को PMEGP के तहत स्व-रोजगार से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम का संचालन पंजाब खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड के सीनियर कंसल्टेंट अमित चोपड़ा द्वारा किया गया और अंत में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने नए चेयरमैन को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
