करारी टक्कर तय : करो या मरो मैच में भिड़ेंगी भारत-वेस्टइंडीज

स्पोर्ट्स डेस्क

टी-20 वर्ल्ड कप का आखिरी सुपर-8 मैच आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच शाम 7 बजे से खेला जाएगा। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टॉस 6:30 बजे होगा। कोलकाता में दोनों टीमें 4 बार आमने-सामने आई हैं और सभी मुकाबले भारत ने जीते। वर्ल्ड कप में दोनों टीमें पहली बार कोलकाता में भिड़ेंगी।

यह मुकाबला क्वार्टर फाइनल जैसा ही है। सुपर-8 स्टेज में 1-1 जीत से दोनों के पास 2-2 पॉइंट्स हैं। दोनों टीमों को साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा। आज जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा।

वेस्टइंडीज की टीम कोलकाता में कभी टी-20 वर्ल्ड कप मैच नहीं हारी है। 2016 में ईडन गार्डन्स स्टेडियम में ही टीम ने इंग्लैंड को फाइनल हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।

विंडीज ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।
विंडीज ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।

वर्ल्ड कप मुकाबलों में वेस्टइंडीज आगे

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 30 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत का पलड़ा भारी रहा। टीम इंडिया ने 19 मैच जीते, जबकि वेस्टइंडीज को 10 जीत मिलीं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा।

हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड बेहतर है। दोनों टीमें वर्ल्ड कप में 4 बार भिड़ीं, 3 मैच विंडीज ने जीते और महज 1 में भारत को जीत मिली। दोनों टीमें 2016 के सेमीफाइनल में आखिरी बार भिड़ी थीं, तब वेस्टइंडीज ने 3 ही विकेट खोकर 193 रन का टारगेट हासिल कर लिया था।

भारत ने कोलकाता में अब तक ही एक वर्ल्ड कप मैच खेला और उसमें जीत हासिल की। वहीं वेस्टइंडीज ने यहां 3 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं और तीनों में जीत दर्ज की। टीम इसी वर्ल्ड कप में 2 बार कोलकाता में खेल चुकी है, जबकि टीम इंडिया टूर्नामेंट में पहली बार यहां खेलेगी।

ईशान किशन भारत के टॉप बैटर

ईशान किशन ने टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 6 मैचों में 186.08 के स्ट्राइक रेट से 214 रन बनाए। एक पारी में उनका बेस्ट 77 रन रहा। वहीं, गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती टीम के लिए टॉप विकेट टेकर रहे। उन्होंने 6 मैचों में 7.2 की इकोनॅामी से रन खर्च करते हुए 11 विकेट हासिल किए।

मोती वेस्टइंडीज के लिए टॉप विकेट टेकर

वेस्टइंडीज के लिए शिमरोन हेटमायर ने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 6 मैचों में 182.64 के स्ट्राइक रेट से 221 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 85 रन रहा। वहीं, गुडाकेश मोती वेस्टइंडीज के लिए टॉप विकेट टेकर रहे। उन्होंने 6 मैचों में 7.75 की इकोनॅामी से 10 विकेट लिए।

पिच रिपोर्ट और रिकॉर्ड

ईडन गार्डन्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, इसलिए यहां हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। पिच क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने कहा कि सौरव गांगुली पिच की तैयारी देखकर संतुष्ट नजर आए।  मुखर्जी ने बताया कि यह पारंपरिक ईडन गार्डन्स का विकेट है, जहां आमतौर पर अच्छे रन बनते हैं, लेकिन स्पिनर्स को भी थोड़ी मदद मिल जाती है। शाम के मैच में ओस (ड्यू) आने की संभावना है।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का मुकाबला उसी पिच पर होगा, जहां स्कॉटलैंड-इटली मैच हुआ था। स्कॉटलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 207 रन बनाए थे, जवाब में इटली 134 पर सिमट गया था।

  • कोलकाता में 17 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 और टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने 8 मैच जीते हैं। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 207/4 है, जो स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ बनाया था।
  • इस वर्ल्ड कप में यहां अब तक 5 मैच खेले गए हैं। 4 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते। 1 मैच चेज करने वाली टीम ने जीता। 2 मैच दिन में और 3 रात में हुए। रात के मैचों में भी 3 में से 2 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते।

कोलकाता में बारिश की संभावना नहीं

कोलकाता में मौसम पूरी तरह साफ है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। आज शाम कोलकाता में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।

वेस्टइंडीज में एक बदलाव संभव

वेस्टंडीज की टीम में एक बदलाव हो सकता है, रोस्टन चेज की जगह अकील हुसैन की एंट्री हो सकती है। साउथ अफ्रीका के ख‍िलाफ चेज ने 4 ओवर में 46 रन देकर 1 विकेट हास‍िल किया था।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।

वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर और कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज/अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोती और शमार जोसेफ।

Share This Article
Leave a comment