जालंधर में UP की युवती की मर्डर मामले में पूर्व पार्षद, उसकी मां, बुआ और एक अन्य युवक पर केस दर्ज

पूर्व पार्षद रोहन सहगल। इनके सहित 3 अन्य लोगों पर मर्डर केस में जीरो FIR हुई है।

जालंधर।  जालंधर की पॉश कॉलोनी शिव विहार में UP (उत्तर प्रदेश) की युवती की मौत मामले में पूर्व पार्षद, उसकी मां, बुआ और एक अन्य युवक पर केस दर्ज किया गया है। 31 अगस्त 2024 को 20 साल की नौकरानी निकिता की संदिग्ध मौत हो गई थी। इस मामले में आप नेता व पूर्व पार्षद रोहन सहगल, उसकी मां नगीना सहगल, मृतका की बुआ कृष्णा वर्मा और एक शख्स शिव पर मर्डर करने के आरोप लगे थे। तब से अब तक इस मामले में तफ्तीश चल रही थी।

UP पुलिस की जीरो FIR पर हुआ केस

जालंधर पुलिस की तरफ से 1 साल से आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई थी। अब UP से भेजी गई जीरो FIR को लेकर केस दर्ज किया गया है। UP के बृजमनगंज के गांव निबोरिया लोकाहवा के रहने वाले 42 साल के सूरत वर्मा ने UP की अदालत में केस दायर किया था। इतना ही नहीं UP पुलिस में भी इसे लेकर शिकायत दी गई थी। पिता ने आरोप लगाया था कि जब वे आए तो पता चला कि बेटी का शव फंदे से लटका मिला था। बेटी ने आत्महत्या नहीं की थी, उसकी हत्या की गई  थी।

जालंधर पुलिस पर आरोप-हमारी नहीं सुनी, हमें जान से मारने की धमकी भी दी

लड़की के पिता सूरत वर्मा ने आरोप लगाया कि जालंधर पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। इतना ही नहीं रोहन सहगल और कृष्णा ने जान से मारने की धमकियां दीं। वे बेटी का अंतिम संस्कार कर यूपी लौट गए थे। बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए यूपी में कानूनी लड़ाई शुरू की थी। बेटी की हत्या कर शव लटकाया गया था। थाना डिवीजन नंबर -7 में दर्ज किया गया केस शुक्रवार को थाना डिवीजन नंबर-7 आरोपियों के खिलाफ FIR नंबर 179 दर्ज की गई। थाना-7 के SHO बलजिंदर सिंह ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। बता दें कि बीते साल 31 अगस्त को सुबह करीब साढ़े 9 बजे कोठी नंबर 125 (ए) में 20 साल की नौकरानी का फंदे से लटकता शव मिला था। शव सबसे पहले पड़ोस में रहती रुचि ने देखा था।

रोहन सहगल के घर 5 साल से काम कर रही थी निकिता

जालंधर में शिव विहार में युवती पूर्व पार्षद रोहन सहगल के घर में 5 साल से काम कर रही थी। वह सोढ़ल नगर में बुआ के साथ रह रही थी और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी। घटना वाले दिन बुआ कृष्णा वर्मा ने बताया कि रोहन सहगल ने फोन कर निकिता के सुसाइड की जानकारी दी थी।

परिवार को सुसाइड पर पहले दिन हो गया शक

परिवार ने आरोप लगाए थे कि जहां हमारी बच्ची लटकी हुई थी, जहां पर कोई भी ऐसी चीज नहीं मिली, जिससे लगे कि उक्त जगह पर सुसाइड हुआ है। परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी बच्ची को मारा गया है।

घटना स्थल से मिली थी प्रेग्नेंसी किट

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाकर परिवार को सौंपा था। मामला सुसाइड का है या फिर हत्या का,इस पर पुलिस जालंधर पुलिस 1 साल से किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई थी। इतना जरूर है कि परिवार के बयान पर पुलिस ने शिकायत लेकर रख ली थी। इसमें निकिता के परिवार ने आरोप लगाया था कि जहां से शव बरामद हुआ, वहां से एक प्रेग्नेंसी स्ट्रिप मिली थी। जिससे पता चल रहा है कि वह गर्भवती थी। लड़की की बुआ कृष्णा वर्मा ने कहा था कि घटना के एक हफ्ते पहले उसकी घर की बुजुर्ग महिला के साथ लड़ाई हुई थी। जिसके बाद से वह काफी परेशान थी।

Share This Article
Leave a comment