जालंधर कैंट/सोनू छाबड़ा
जालंधर कैंट स्थित PAP ट्रेनिंग सेंटर में आज 20 नवंबर 2025 को बैच नंबर 182 के रिकूट इंटेलिजेंस असिस्टेंट्स की भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। यह परेड विशेष पुलिस महानिदेशक (HRD) श्री ईश्वर सिंह, IPS के दिशानिर्देशों और कमांडेंट ट्रेनिंग श्री कुलजीत सिंह, PPS की देखरेख में संपन्न हुई। कार्यक्रम में कुल 313 रिकूट इंटेलिजेंस असिस्टेंट्स—205 पुरुष और 108 महिलाएं—अपना बेसिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद विधिवत दीक्षित हुए। प्रशिक्षण के दौरान इन जवानों को आउटडोर और इंडोर दोनों विषयों में विशेष दक्षता प्रदान की गई है।
परेड के मुख्य अतिथि और कमांडेंट ट्रेनिंग श्री कुलजीत सिंह ने शानदार पासिंग आउट परेड की सलामी ली और जवानों की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नव-दीक्षित जवानों को बधाई देते हुए प्रेरित किया कि वे अनुशासन में रहकर कानून के अनुसार निष्पक्ष सेवा करते हुए समाज एवं विभाग की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि इंटेलिजेंस विभाग का पुलिस तंत्र में बेहद अहम योगदान है और इन नए जवानों से बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं।
प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिकूट जवानों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित भी किया गया। इनमें रिकूट IA भूपेंद्र सिंह (3387/INT.) आउटडोर में प्रथम, महिला रिकूट IA अंजू भाटिया (3289/INT.) इंडोर में प्रथम, रिकूट IA बलजीत सिंह (3224/INT.) को बेस्ट मार्क्समैन, रिकूट IA दीपक (3424/INT.) को परेड कमांडर और रिकूट IA अमनदीप सिंह (3307/INT.) को सेकंड परेड कमांडर घोषित किया गया।
परेड के उपरांत दर्शकों के लिए मास PT शो, बैंड डिस्प्ले, भंगड़ा और गिद्धा के प्रदर्शन भी आयोजित किए गए, जिनमें जवानों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विभिन्न यूनिटों के गजटेड अधिकारी, RTC स्टाफ और जवानों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
