पंजाब में बाढ़ से कई गांव पानी की चपेट में हैं। पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में भी पानी भर गया है। पंजाब में बारिश के कारण और डैमों से छोड़े जा रहे पानी से 7 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बुधवार शाम को पठानकोट के माधोपुर हेडवर्क्स का फ्लड गेट टूट गया। इससे रावी नदी उफान पर आ गई है। फ्लड गेट टूटने से 50 लोग पानी में फंस गए हैं। हेडवर्क्स के एक कर्मचारी के मिसिंग होने की भी सूचना है।
उधर, CM भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित पठानकोट और गुरदासपुर के गांवों का दौरा किया। CM ने कहा कि वह अपना हेलिकॉप्टर यहीं छोड़कर जा रहे हैं। इसे लोगों को बचाने के काम में लगाया जाए। मान ने कहा कि अब वह कार से लौटेंगे। ये हेलिकॉप्टर लोगों ने ही 92 सीटें जितवाकर दिलाया था और अब जनसेवा में ही इसे दे रहा हूं।

बुधवार को रावी-ब्यास और सतलुज नदी उफान पर रही। इससे पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का के 150 से अधिक गांवों में पानी भर गया है। यहां से NDRF, SDRF और सेना 92 लोगों को रेस्क्यू कर चुकी है। बचाव कार्य लगातार जारी है। पानी आने से गुरदासपुर के नवोदय स्कूल में 400 स्टूडेंट्स-टीचर फंस गए हैं। इन्हें निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है। उधर, करतारपुर साहिब कॉरिडोर और पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा परिसर में भी पानी भर गया है।
संगरूर जिले में सीएम भगवंत मान का गांव सतौज भी पानी की चपेट में है। बुधवार सुबह पठानकोट-जम्मू हाईवे के पास नहर टूटने से पानी हाईवे के ऊपर बहने लगा। AAP सरकार ने बाढ़ प्रभावित एरिया में कर्मचारियों -अधिकारियों की छुटि्टयां कैंसिल करने के साथ 30 अगस्त तक स्कूलों में छुट्टी कर दी है। लोगों की मदद के लिए पंजाब के सभी 23 जिलों में कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं। मौके का जायजा लेने CM भगवंत मान गुरदासपुर पहुंचे हैं। उन्होंने लोगों से मुलाकात की है। उन्होंने अपना हेलिकॉप्टर प्रशासन को बाढ़ कार्य में मदद के लिए सौंपा है। ताकि लोगों को समय पर जरूरी मदद पहुंचाई जा सकें।
जम्मू क्षेत्र में पिछले दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए उत्तर रेलवे ने करीब 45 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। 25 से अधिक ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू तवी रेलवे स्टेशन, श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन, पठानकोट और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही कुछ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने बुधवार के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, बरनाला, संगरूर और मनसा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
बाढ़ से जुड़े PHOTOS



