मोहाली- चंडीगढ़ में नाइलिट ( NIELIT – राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से रिटायर 68 वर्षीय सविता से डिजिटल ठगी हुई है। महिला का कहना है कि उन्होंने गूगल प्ले स्टोर सर्च कर पीएनबी की एक एप डाउनलोड की थी। इसके बाद उनके खाते से पांच लाख रुपए निकल गए। यह सारे पैसे दस से पंद्रह मिनट में निकले है। इस संबंध में महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। चंडीगढ़ पुलिस द्वारा मामले की पड़ताल की जा रही है। जबकि सारे खाते अपने फ्रीज करवा दिए है।
ऐसे हुई यह ठगी
महिला ने बताया कि वह सेक्टर-41 में रहती हैं। उन्होंने 27 दिसंबर को गूगल सर्च के जरिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से संबंधित एक मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड की। एप डाउनलोड होने के बाद उन्होंने अकाउंट नंबर, पति का नंबर और अपना नंबर डाला था, लेकिन उन्हें किसी तरह का कोई मैसेज नहीं आया।
30 तारीख को उन्होंने एटीएम के माध्यम से 25 हजार रुपए निकलवाए। सेक्टर-23 में एटीएम से राशि निकलवाई गई। खाते में पांच लाख दो हजार रुपए रह गए थे। इसके बाद वह अपना मोबाइल घर छोड़कर मार्केट चली गईं। जब वह वापस आईं तो उन्होंने अपना एप चेक किया, जिसमें बैलेंस शून्य दिख रहा था। हालांकि कोई मैसेज नहीं आया। इसके बाद वह बैंक गईं और बैंक कर्मियों से अकाउंट फ्रीज करवाया। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल और बैंक में शिकायत दर्ज करवाई।
साइबर सेल एप डिलीट करवाई
महिला ने बताया कि जांच के दौरान साइबर सेल ने पाया कि यह पीएनबी का आधिकारिक एप नहीं था, बल्कि फर्जी (फेक) एप्लीकेशन थी, जिसे साइबर ठगों द्वारा लोगों को ठगने के उद्देश्य से बनाया गया था। साइबर सेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला के मोबाइल से उस फर्जी एप्लीकेशन को डिलीट करवा दिया
और उन्हें किसी भी प्रकार की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह दी। साइबर सेल अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के फर्जी ऐप्स के जरिए ठग लोगों के बैंक खाते, ओटीपी, पिन और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल कर लेते हैं, जिससे खातों से बड़ी रकम उड़ाई जा सकती है।
