पंजाब के तरनतारन में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या : बाइक सवार बदमाशों ने पहले रुपए मांगे, फिर छाती में दाग दी 3 गोली

तरनतारन में बदमाश व्यापारी को गोली मार कर फरार हो गए।
तरनतारन- पंजाब के तरनतारन में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार 2 बदमाशों ने व्यापारी के छाती में सीधे फायर किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि घटना के समय पूरा परिवार अमृतसर में एक शादी में गया था। उस समय दुकान में व्यापारी के साथ उनका बेटा मौजूद था।

बदमाश दोपहर के समय दुकान पर लूट के इरादे से आए। हांलाकि व्यापारी ने गल्ले से निकालकर उन्हें रुपए भी दे दिए, लेकिन कुछ कहासुनी के बाद एक बदमाश ने उन के ऊपर सीधा फायर कर दिया। उन्हें एक के बाद 3 गोलियां मार दी। डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि मृतक व्यापारी के पिता गांव के सरपंच भी रहे हैं। पुलिस लूटपाट के अलावा हत्या की अलग एंगल से भी जांच कर रही है।

दुकान से लूट के बाद बाहर निकलते बदमाश।
दुकान से लूट के बाद बाहर निकलते बदमाश।

शादी में गया था परिवार

तरनतारन के खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव भुल्लर में परचून की दुकान पर बाइक पर आए 2 बदमाशों ने व्यापारी दलजीत सिंह (47) की गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर हुई। घटना के समय दुकान पर उनके साथ उनका बेटा (18) भी मौजूद था। परिवार के अन्य लोग अमृतसर में एक शादी में गए थे।

प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया

बदमाश गोली मारकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तरनतारन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सदर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया है।

बदमाशों का एक साथी बाइक पर उनका इंतजार करता रहा।
बदमाशों का एक साथी बाइक पर उनका इंतजार करता रहा।

पिता गांव के सरपंच रहे

दलजीत सिंह के पिता गांव भुल्लर के सरपंच रहे हैं। इसके अलावा मृतक का एक बेटा और पत्नी है। बेटा विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। अगले महीने ही उसे विदेश जाना था, इसके लिए वीजा भी लग गया था। परिवार ने पुलिस को बताया है कि उन्हें कभी कोई धमकी या फिरौती का कॉल नहीं आया था।

डीएसपी बोले- दुकान के अंदर ही मौत हुई

डीएसपी तरनतारन सुखबीर सिंह ने बताया कि दलजीत सिंह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक पर आए 2 अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें गोली मार दी। गोलियां लगने से उनकी दुकान के अंदर ही मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment