कोर्ट कॉम्पलैक्स में मर्डर से वकील भी भड़क गए। वह अपने चैंबरों से बाहर आए और कहा कि यहां रोजाना लोग कोर्ट केस के सिलसिले में आते हैं। वकील आते हैं, फिर भी सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
- दो साथियों के साथ आया था गोलू पंडित: पुलिस के मुताबिक आकाश उर्फ गोलू पंडित पर कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। उस पर आर्म्स एक्ट का केस चल रहा था। आज इसी केस में उसकी अबोहर कोर्ट में सुनवाई थी। इसके लिए वह अपने 2 साथियों सोनू व एक अन्य युवक के साथ कोर्ट कॉम्पलैक्स पहुंचा। सुनवाई के बाद सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह घर जाने के लिए कार में बैठा। वह पार्किंग में खड़ी अपनी गाड़ी के पास पहुंचा।
- पहले से ही सफेद कार में बैठे थे हमलावर: पुलिस के मुताबिक हमलावर 3 लोग थे। वह सफेद रंग की कार में पार्किंग में पहले से खड़े थे। जैसे ही गोलू पंडित वहां पहुंचा और कार में बैठने लगा तो तीनों में से एक हमलावर हथियार लेकर उतरा। उसने गोलू पंडित को टारगेट करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान 6 राउंड गोलियां चलीं। जिनमें से कुछ गोलियां गोलू पंडित को लगीं। वह घायल होकर गिर पड़ा।
- गोली मारने के बाद फरार हो गए: गोलू पंडित को गोली लगने के बाद हमलावर कार में बैठकर वहां से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर कोर्ट कॉम्पलैक्स में अफरातफरी मच गई। पेशी भुगतने आए दूसरे लोग पार्किंग से दौड़ पड़े। चैंबरों में बैठे वकील भी बाहर निकले कि अचानक क्या हो गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
- घायल गोलू को अस्पताल ले गए, जान नहीं बच सकी: घायल गोलू पंडित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मगर, 5 गोलियां लगी होने की वजह से उसकी जान नहीं बच सकी। इसके बाद SSP गुरमीत सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद किए। पूरे इलाके को जांच के लिए सील कर दिया। फोरेंसिक टीम बुलाकर सबूत जुटाए गए। गोलू पंडित की लाश पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दी गई है।

पुलिस ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाई, सीसीटीवी कैमरे खंगाल रहे
इसी बीच पुलिस ने अस्पताल में भी सिक्योरिटी बढ़ा दी। हमलावर कहीं गोलू पंडित के साथियों को टारगेट न करें, इसके लिए पूरे अस्पताल परिसर को छावनी में बदल दिया गया। इसके बाद SSP गुरमीत सिंह की अगुआई में पुलिस की टीमें अस्पताल पहुंची। फिलहाल पुलिस की टीमें हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रहे हैं।

सटीक रेकी कर की गई हत्या
पुलिस की जांच में पता चला कि गोलू पंडित की सटीक रेकी कर हत्या की गई। उसके जमानत पर बाहर आने के बाद से ही गैंगस्टर उसके पीछे लगे हुए थे। उन्हें पता था कि गोलू पंडित पेशी के लिए यहां आएगा। जब गोलू पंडित अंदर कोर्टरूम में चला गया तो हमलावर उसकी कार के पास अपनी कार खड़ी कर इंतजार करने लगे। जब गोलू उनके बिल्कुल नजदीक आकर कार में बैठने लगा तो उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।

गोलू का साथी बोला- गैंगस्टर गग्गी लाहौरिया ने की हत्या
गोलू पंडित के साथ मौजूद सोनू ने बताया कि यह हमला गग्गी लाहोरिया और उसके साथियों ने किया है। हमलावरों की गोलू पंडित से पुरानी रंजिश चल रही थी। उन्होंने गोलू पंडित पर करीब 5 से 6 फायर किए, जिनमें से 5 गोलियां उसके शरीर पर लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक गोलू पंडित जोहड़ी मंदिर के पुजारी अवनीश पंडित का बेटा था। जो पिछले दिनों ही जेल से जमानत पर छूट कर आया था।
SSP बोले- टीमें हमलावरों के पीछे, जल्द पकड़ेंगे
फाजिल्का के SSP गुरमीत सिंह ने कहा कि पुलिस की कई टीमें हमलावरों के पीछे लगी हुई हैं। उनके बारे में हमें अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। उनके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
