आप विधायक रमन अरोड़ा फिर मुश्किल में….. 3 दिन का पुलिस रिमांड

जालंधर। जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाईकोर्ट से 105 दिन बाद नियमित ज़मानत मिलने के अगले ही दिन उनके खिलाफ एक नया मामला सामने आ गया है। जानकारी के अनुसार, जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने रमा मंडी थाने में विधायक के खिलाफ नया केस दर्ज किया है। इसी केस के सिलसिले में पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर रमन अरोड़ा को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। अदालत में पेशी के दौरान विधायक के वकील ने बताया कि यह केस एक महीने पुराना है, जिसमें एफआईआर नंबर 253 के तहत यह आरोप लगाया गया है कि विधायक एक कॉन्ट्रेक्टर से मासिक लेता था। वकील का सवाल है कि अगर यह मामला पहले से दर्ज था तो पिछली गिरफ्तारी के समय क्यों उजागर नहीं किया गया। फिलहाल अदालत ने रविवार को अगली पेशी तय की है, जिसके बाद रमन अरोड़ा को सिविल अस्पताल में मेडिकल के लिए ले जाया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी रमन अरोड़ा के परिवार और नजदीकी सहयोगियों पर कार्रवाई हो चुकी है। उनके समधी की अग्रिम ज़मानत पर सुनवाई हुई है, जिसमें अदालत ने 17 सितंबर की तारीख दी है। वहीं, नगर निगम की महिला इंस्पेक्टर हरप्रीत कौर और विधायक की करीबी आर्ती महेश माखीजा को हाईकोर्ट से नियमित ज़मानत मिल चुकी है। एटीपी सुखदेव वशिष्ठ भी 114 दिन जेल में रहने के बाद ज़मानत पर बाहर आए हैं। उल्लेखनीय है कि विधायक रमन अरोड़ा को 23 मई को उनके अशोक नगर स्थित निवास से गिरफ्तार किया गया था। उनके घर से 6 लाख 30 हजार 245 रुपये और 1200 ग्राम सोने के गहने भी बरामद किए गए थे। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से साफ है कि रमन अरोड़ा की कानूनी परेशानियां अभी खत्म होती नहीं दिख रही हैं।

Share This Article
Leave a comment