उन्होंने कहा कि मुझे न्यायपालिका और पुलिस अधिकारियों पर पूरा भरोसा है, और मुझे पूरी उम्मीद है कि जांच पेशेवर, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से की जाएगी, ताकि कानून के अनुसार सच्चाई सामने आ सके। जांच दल को मेरा पूरा सहयोग मिलता रहेगा ताकि प्रक्रिया में तेजी आए और जल्द से जल्द न्याय मिले। जांच जारी रहने के मद्देनजर, इस समय कोई और सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया जाएगा और मैं मीडिया से अनुरोध करती हूं कि वे मामले की संवेदनशीलता का सम्मान करें। वहीं सूत्रों के अनुसार, शाम चार बजे अंतिम संस्कार का समय तय किया गया है। इसके लिए सेक्टर 25 शमशान घाट में भी पुलिस सुरक्षा लगा दी गई है। वाई पूरण कुमार ने नाै दिन पहले आत्महत्या की थी।
चंडीगढ़ कोर्ट ने अमनीत कुमार को भेजा नोटिस
मामले के जांच अधिकारी, एसएसपी और आईजीपी की तरफ से वाई पूरण कुमार के परिजनों से बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद जब परिवार ने पोस्टमॉर्टम के लिए सहयोग नहीं किया, तो पुलिस को मजबूर होकर स्थानीय अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। पुलिस ने अदालत से अनुरोध किया है कि परिवार को शव की पहचान और पोस्टमार्टम के लिए आगे आने का निर्देश दिया जाए।
डीजीपी को छुट्टी पर भेजने से कमेटी संतुष्ट, आज पैदल मार्च
दिवंगत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या मामले में गठित 31 सदस्यों की पारिवारिक कमेटी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजने और नए डीजीपी की नियुक्ति से संतुष्ट है। कमेटी अध्यक्ष रिटायर्ड एसोसिएट प्रोफेसर जयनारायण ने कहा कि कमेटी बुधवार दोपहर 3.30 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 17 से पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया के आवास तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालेगी। कमेटी उन्हें न्याय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेगी।
सेक्टर-20 में महापंचायत के दौरान 48 घंटे में डीजीपी व रोहतक के पूर्व एसपी की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया गया था, जो मंगलवार को पूरा हो गया। इसके बाद समिति के सदस्यों ने मंगलवार शाम चार बजे सेक्टर-24 स्थित वाल्मिकी मंदिर में बैठक की। बैठक के बाद सदस्यों ने पूरण कुमार के परिवार से जाकर बात की। इसके बाद जयनारायण ने अपील की कि इस घटना को लेकर प्रदर्शन कर रही सभी संस्थाएं शांति और संयम के साथ संघर्ष जारी रखें। ब्यूरो
