अमृतसर। पंजाब के अमृतसर देहात पुलिस ने भारत-पाक बॉर्डर पर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से करीब ढाई किलो का IED बरामद हुआ। यह कार्रवाई खुफिया अलर्ट के बाद हुई है। जिसमें ISI द्वारा हाल ही में दिल्ली धमाके के बाद दोबारा भारतीय क्षेत्र में विस्फोटक भेजने की कोशिश तेज होने की जानकारी मिली थी।
अमृतसर के रमदास, अजनाला और घरिंडा में बढ़ाई गई नाकाबंदी के दौरान दोनों आरोपी भाई युवराज और आकाशदीप बाइक पर IED लेने निकले थे, लेकिन कोहरे के बीच पकड़े गए। पुलिस उनसे पूछताछ कर मॉड्यूल के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।
कैसे पकड़े गए दोनों आतंकी
- सुरक्षा एजेंसियों से मिली थी सूचना: सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI ने हाल ही में दिल्ली में हुए धमाके के बाद फिर से भारतीय क्षेत्र में विस्फोटक भेजने की कोशिशें तेज कर दी हैं। इसी सूचना के आधार पर अमृतसर देहात पुलिस ने रमदास, अजनाला और घरिंडा क्षेत्रों में गश्त और नाकाबंदी बढ़ा दी थी।
- मोटरसाइकिल पर सवार थे दोनों भाई: मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो आतंकी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घरिंडा के पास सीमा क्षेत्र में छिपाए गए IED को लेने निकले हैं। घने कोहरे के बीच पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को देखा और रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों भाइयों ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और थोड़ी ही देर में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
- अन्य की तलाश में जुटी पुलिस: तलाशी के दौरान उनके बैग से IED बरामद की गई। फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है, और पुलिस इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है। डीआईजी संदीप गोयल थोड़े समय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देंगे।
