तरनतारन। पंजाब के तरनतारन विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को वोटिंग के लिए केंद्रीय बलों की 12 कंपनियां तैनात की गई हैं। इलेक्शन कमीशन ने कहा कि यह पहली बार है कि किसी उपचुनाव में केंद्रीय बलों की तैनाती करनी पड़ी हो। यहां 100 बूथ संवेदनशील हैं लेकिन 114 बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
तरनतारन में आज शाम 6 बजे प्रचार थम जाएगा। शराब के ठेके बंद हो जाएंगे। बाहरी नेताओं को विधानसभा से बाहर जाना होगा। यहां करीब 1.92 लाख मतदाता वोटिंग करेंगे। 11 नवंबर को वोटिंग के दिन तरनतारन में सरकारी छुट्टी रहेगी। इससे पहले प्रचार के दौरान कल यहां बंगा के पूर्व MLA तरलोचन सिंह सूंढ का निधन हो गया था। वहीं कल ही चुनाव आयोग ने यहां की SSP रवजोत ग्रेवाल को हटाकर सुरिंदर लांबा को नया एसएसपी लगाया है।
